सुरक्षा कारणों से दिलजीत दोसांझ के 30 अक्टूबर के दिल्ली कॉन्सर्ट को पुलिस की मंजूरी नहीं

नयी दिल्ली, 22 अक्टूबर (वार्ता) दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा चिंताओं और विशेष जानकारी का हवाला देते हुए पंजाबी गायक दिलजीत दोसांझ के 30 अक्टूबर को जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में प्रस्तावित कॉन्सर्ट की अनुमति देने से इनकार कर दिया है।

इस फैसले के बाद गायक के बहुप्रतीक्षित ‘ऑरा इंडिया टूर’ के दिल्ली चरण के आयोजन पर अनिश्चितता के बादल मंडरा गए हैं। पुलिस ने इसके पीछे त्योहारी सीजन के दौरान कानून-व्यवस्था की व्यस्तताओं और अन्य सुरक्षा संबंधी विचारों का भी हवाला दिया है।

दक्षिण जिले के पुलिस उपायुक्त कार्यालय ने टिकटिंग प्लेटफॉर्म ‘बुक माई शो’ को भेजे गए एक पत्र में बताया गया कि कॉन्सर्ट आयोजित करने के आवेदन की समीक्षा की गई थी, लेकिन वर्तमान सुरक्षा स्थिति के मद्देनजर इसे मंजूरी नहीं दी जा सकती। इस दिल्ली शो की तारीख में पहले ही बदलाव किया गया था। यह पहले एक नवंबर को होने वाला था और बाद में इसे बदलकर 30 अक्टूबर कर दिया गया था।

बुक माय शो, ने पहले संकेत दिया था कि मूल तारीख के लिए खरीदे गए टिकट बदलाव के बाद भी वैध रहेंगे। इस रिपोर्ट के लिखे जाने तक आयोजकों या गायक की टीम की ओर से दिल्ली शो के लिए किसी नई व्यवस्था की घोषणा नहीं की गई थी। यह स्पष्ट होना अभी बाकी है कि टिकट धारकों पर इसका क्या प्रभाव पड़ेगा और क्या कॉन्सर्ट को रीशेड्यूल किया जाएगा या रद्द किया जाएगा।

 

Next Post

बॉम्बे उच्च न्यायालय ने एमएमआरडीए को मेट्रो निर्माण से जुड़ी सात दुर्घटनाओं के बारे में रिपोर्ट पेश करने का दिया निर्देश

Thu Oct 22 , 2026
मुंबई, 22 अक्टूबर (वार्ता) बॉम्बे उच्च न्यायालय ने मुंबई महानगर क्षेत्र में गत 14 फरवरी से 17 अक्टूबर के बीच मेट्रो की तीन निर्माण परियोजनाओं में हुए सात हादसों पर मुंबई महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण (एमएमआरडीए) को विस्तृत रिपोर्ट पेश करने का निर्देश दिया है। अदालत ने निर्माण स्थलों पर […]

You May Like