करोड़ों रुपए हड़पने वाले दो भाई गिरफ्तार

भोपाल में छिपे थे, बाजार से 3 करोड़ रुपए लेकर हुए थे फरार
ग्वालियर: ग्वालियर में लोगों से करोड़ों रुपए लेकर गायब हुए दो सगे भाइयों को पुलिस ने राजधानी भोपाल से गिरफ्तार किया है। पिछले छह महीने से पुलिस दोनों की तलाश में पड़ोसी शहरों में दबिश दे रही थी लेकिन दोनों आरोपी राजधानी में थे। दोनों पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज है। आरोपियों को ग्वालियर लाने के बाद अब पुलिस ने पूछताछ शुरू कर दी है।

महाराजपुरा थाना टीआई धर्मेंद्र सिंह यादव ने बताया कि भोलेनाथ फर्नीचर हाउस के संचालक राजकुमार शिवहरे, संजीव शिवहरे और संजय शिवहरे ने साल 2024 में बिजनेस में जरूरत के नाम पर कई लोगों से पैसा उधार लिया। करीब 2 से 3 करोड़ रुपए हाथ में आने के बाद यह लोग गायब हो गए थे। इनको पैसा देने वालों ने महाराजपुरा थाना में शिकायत की थी जिस पर पुलिस ने मामला दर्ज कर तत्काल एक आरोपी राजकुमार शिवहरे को पकड़ लिया था, लेकिन संजय व संजीव फरार हो गए थे। काफी तलाश के बाद भी उनका पता नहीं चल रहा था।

सीएसपी नागेन्द्र सिंह ने बताया कि पुलिस दोनों फरार आरोपी संजय और संजीव शिवहरे की तलाश में आसपास के राज्यों और शहरों में दबिश दे रही थी, जबकि दोनों भाई राजधानी भोपाल में छिपे हुए थे। दो दिन पहले पुलिस को एक मुखबिर ने दोनों को भोपाल में देखे जाने की सूचना दी थी। इस पर प्रधान आरक्षक अरविंद शर्मा, आरक्षक गिर्राज शर्मा, ध्रुव गुर्जर व भीकम सिंह सिकरवार को रवाना किया गया।

दो दिन तक निगरानी के बाद शनिवार रात पुलिस ने दोनों आरोपियों को हबीबगंज इलाके से गिरफ्तार कर लिया। रविवार सुबह इनको लेकर पुलिस की टीम ग्वालियर आ गई है। दोनों से पूछताछ की जा रही है।पुलिस की जांच में पता चला है कि आरोपियों के खिलाफ अखिल शर्मा ने एफआईआर कराई थी। अखिल शर्मा के साथ ही आरोपी कई अन्य लोगों को भी मीठी-मीठी बातों में फंसाकर ठग चुके हैं। ठगी गई रकम के संबंध में पूछताछ कर पुलिस पता रही है कि अभी तक कितने लोगों से कितना रुपया यह ठग चुके हैं।

Next Post

भोपाल मंडल में लोको पायलट्स के लिए संरक्षा व दक्षता अभियान

Mon Jun 2 , 2025
भोपाल। मंडल ट्रैक्शन रोलिंग ऑपरेशन्स विभाग द्वारा लोको पायलट्स को सिम्युलेटर से व्यावहारिक प्रशिक्षण देकर संरक्षा और समयबद्धता सुनिश्चित की जा रही है. वर्ष 2024-25 में 775 पायलट्स को प्रशिक्षित किया गया. रनिंग रूम्स में सुविधाएं बेहतर बनाई गई हैं, जिससे कर्मचारियों को विश्राम और पौष्टिक भोजन मिल सके. Facebook […]

You May Like