हितग्राहीमूलक योजनाओं से जुड़े प्रकरणों का प्राथमिकता से किया जाए निराकरण: विकास

सीधी। जिला पंचायत सभाकक्ष में मंगलवार को आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई में कलेक्टर विकास मिश्रा ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए 273 आवेदकों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों का शीघ्र एवं प्रभावी निराकरण करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने कहा कि हितग्राहीमूलक योजनाओं से जुड़े प्रकरणों का प्राथमिकता से निराकरण किया जाए तथा आवेदकों को उनके आवेदन पर की गई कार्रवाई की जानकारी भी दी जाए। जिन प्रकरणों का निराकरण संभव न हो अथवा आवेदन निरस्त किया जाए, उसमें कारण स्पष्ट रूप से आवेदक को बताया जाए। जनसुनवाई के दौरान नागरिकों को विभिन्न आवश्यक सेवाएं भी उपलब्ध कराई गई। स्वास्थ्य विभाग द्वारा नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं चिकित्सकीय परामर्श दिया गया तथा आधार अपडेट की सुविधा भी उपलब्ध रही। इससे नागरिकों को अलग-अलग कार्यालयों में जाने की आवश्यकता नहीं पड़ी।

सीईओ जिला पंचायत सौम्या आनंद ने भी नागरिकों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों से प्रकरणों में की गई कार्रवाई की जानकारी लेकर आवश्यक निर्देश दिए। इस अवसर पर डिप्टी कलेक्टर स्वर्णा दीवान, अतिरिक्त सीईओ जिला पंचायत धनंजय मिश्रा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

जनसुनवाई में मिली दिव्यांगजनों को राहत

जनसुनवाई में ग्राम बरमबाबा, जनपद पंचायत सीधी निवासी दिव्यांग गेंदलाल बहेलिया ने व्हीलचेयर की आवश्यकता बताई। उन्होंने बताया कि पोलियो के कारण उन्हें चलने-फिरने में कठिनाई होती है और दैनिक कार्यों के लिए सहारे की आवश्यकता पड़ती है। उनकी समस्या पर कलेक्टर ने सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग को व्हीलचेयर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इसी प्रकार ग्राम छुही, जनपद पंचायत मझौली निवासी दिव्यांग सुनील सिंह ने बताया कि आने-जाने में कठिनाई होती है। पूर्व में मिली बैसाखी पुरानी होकर टूट गई है, जिससे उन्हें आवागमन में परेशानी हो रही है। कलेक्टर ने उनके आवेदन का त्वरित निराकरण करते हुए संबंधित विभाग को बैसाखी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। दोनों आवेदनों पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश मिलने से आवेदक संतुष्ट नजर आए। जनसुनवाई में ही समस्याओं के समाधान की पहल से उन्हें राहत मिली।

000000000000000

Next Post

एसआईआर: नोटिस पाने वाले मतदाताओं को मिलेगा अपना पक्ष रखने का अवसर

Tue Sep 22 , 2026
नयी दिल्ली, 22 सितंबर (वार्ता) दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) कार्यालय ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 के तहत जारी ड्राफ्ट मतदाता सूची को लेकर उठ रहे सवालों पर मंगलवार को स्पष्टीकरण जारी करते हुए कहा कि नोटिस पाने वाले मतदाताओं को अपना पक्ष रखने का अवसर मिलेगा। सीईओ कार्यालय […]

You May Like