जातिगत विभेद समाप्त करने आगे आएं सज्जन शक्ति – प्रांशु शेजवलकर

ग्वालियर:जातिगत विभेद समाप्त करने के लिए सज्जन शक्ति को आगे आना चाहिए। हम सब हिंदुस्तान के निवासी हैं इसलिए सर्वप्रथम हम सब हिंदू हैं यह भाव हमारे रोम-रोम में होना चाहिए। यह बात भाजपा नेता प्रांशु विवेक शेजवलकर ने सकल हिंदू समाज द्वारा आयोजित होली मिलन समारोह में ग्वालियर के गुब्बारा फाटक स्थित मैथिली शरण गुप्त की प्रतिमा पर दीप प्रज्वलित करते हुए कही। शेजवलकर ने कहा कि समाज में महापुरुषों के कार्यों को जाति, पंथ के भेद से ऊपर उठकर स्वीकार करना चाहिए और उनके माध्यम से समाज को सकारात्मक परिवर्तन के लिए आगे बढ़ना चाहिए।
अनुसूचित जाति के वरिष्ठ नेता राजेश कटारे ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि मन परिवर्तन से समरस समाज का निर्माण होगा। कुंठित विचारधारा से ही समाज में जातिवादी व्यवस्था, अस्पृश्यता जन्म लेती है। जबकि भगवान श्रीराम ने माता शबरी के झूठे बेर खाए, निपाद राज को गले लगाया। हम ऋषियों की बात करेंगे तो भगवान महर्षि वाल्मीकि जी ने माता सीता व लवकुश को भी अपने आश्रम में आश्रय दिया। ठीक इसी प्रकार संत गुरु रविदास जी महाराज की महिमा शक्ति को देखकर क्षत्रिय वंश की चतरानी मीरा देवी ने भी अपने गुरु के रूप में संत रविदास जी का शिष्य बनना स्वीकार किया। बाबा साहब ने भी सभी जाति-विरादरी जनमानस के कल्याण के लिए संवैधानिक अधिकार और सुरक्षा को इस संविधान में दिया है। उनके मन में भी किसी जाति-विरादरी के प्रति भेदभाव नहीं रहा।
वरिष्ठ भाजपा नेता अनिल चौधरी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि चुनाव में मतदाताओं की संख्या का जाति आधारित आकलन बंद होना चाहिए और मतदाता को भी जातिगत मतदान बंद कर स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार, सड़क, बिजली, पानी और रक्षा आदि जैसे मुद्दों पर राष्ट्रहित में मतदान करना चाहिए। जिससे हमारा राष्ट्र जातियों में विभाजित न होकर विश्व गुरु बनने की दिशा में आगे बढ़ेगा। कार्यक्रम का संचालन डॉ.शिवेंद्र राठौर ने किया व आभार राजेंद्र परमार ने व्यक्त किया।

Next Post

टेंट हाउस के गोदाम में लगी भीषण आग

Tue Mar 17 , 2026
ग्वालियर:जनकगंज क्षेत्र में टेंट हाउस के गोदाम में भीषण आग लगने से अफरातफरी मच गई। मरघट रोड पर आज तड़के गोदाम में आग लग गई। फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंची और कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। शॉर्ट सर्किट आग लगने का कारण बताया […]

You May Like