सरई : देवसर परियोजना अंतर्गत आंगनवाड़ी केंद्र क्रमांक-1 ठरकठैला में छोटे बच्चों के लिए बुनियादी सुविधाओं का अभाव बना हुआ है। केंद्र का फर्श टूटकर जगह-जगह क्षतिग्रस्त हो गया है, जिससे बच्चों को बैठने में परेशानी हो रही है।केंद्र की बाउंड्रीवॉल का गेट भी टूटा हुआ है। इससे परिसर में आवारा मवेशियों और कुत्तों के आने से गंदगी की स्थिति बनी रहती है। ग्रामीणों का कहना है कि परिसर की नियमित साफ.-सफाई और आवश्यक मरम्मत पर जिम्मेदारों को ध्यान देना चाहिए। आंगनवाड़ी केंद्र का शौचालय भी बदहाल है।
सीट और दरवाजा क्षतिग्रस्त होने से बच्चों एवं महिलाओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। दूसरी ओर केंद्र की दीवारों पर स्वच्छता के संदेश लिखे गए हैं, लेकिन परिसर की स्थिति इन संदेशों की जमीनी हकीकत पर सवाल खड़े करती है। ग्रामीणों ने केंद्र के क्षतिग्रस्त फर्श, टूटे गेट और शौचालय की मरम्मत कराने की मांग की है। उनका कहना है कि छोटे बच्चों के लिए संचालित केंद्र में साफ.-सफाई और सुरक्षित वातावरण पहली प्राथमिकता होनी चाहिए। अब देखना होगा कि संबंधित विभाग कब इस बदहाल केंद्र की सुध लेता है।
