महासमुंद, 04 अक्टूबर (वार्ता) छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले के बागबाहरा वन परिक्षेत्र के ग्राम झिटकी में शनिवार देर रात एक तेंदुए ने घर में घुसकर परिवार के छह लोगों पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया। घायलों में चार पुरुष और दो महिलाएं शामिल हैं, जिनमें तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है।
रविवार को प्राप्त जानकारी के अनुसार यादव परिवार की उत्तरी बाई देर रात बाथरूम जाने के लिए घर से बाहर निकली थीं। इसी दौरान वहां मौजूद तेंदुए ने उन पर हमला कर दिया। इसके बाद तेंदुआ घर के अंदर घुस गया और परिवार के अन्य सदस्यों पर भी हमला कर दिया।
अचानक हुए हमले के बावजूद परिवार के सदस्यों ने हिम्मत दिखाते हुए तेंदुए को घर के एक कमरे में बंद कर दिया। घटना की सूचना मिलने के बाद डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और सभी छह घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बागबाहरा ले जाया गया।
प्राथमिक उपचार के बाद घायलों को महासमुंद मेडिकल कॉलेज भेजा गया, जहां से गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को बेहतर उपचार के लिए रायपुर रेफर किया गया है।
घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग का अमला मौके पर पहुंच गया। तेंदुआ फिलहाल कमरे में बंद बताया जा रहा है। वन विभाग ने उसके सुरक्षित पकड़ने के लिए रायपुर से विशेष टीम बुलाई है। मौके पर वन अमला स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
