सतना:मैहर जिले के अमरपाटन क्षेत्र अन्तर्गत ग्राम किरहाई बंधा के रेवा इंटरनेशनल गोदाम में तैनात सिक्योरिटी गार्ड पर 3 युवकों ने हमला कर दिया। घायल गार्ड को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय सतना के लिए रेफर कर दिया गया। वहीं पुलिस द्वारा प्रकरण दर्ज कर विवेचना की जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अमरपाटन के किरहाई बंधा के पास बने रेवा इंटरनेशनल गोदाम में सिक्योरिटी गार्ड अखिलेश प्रताप सिंह के साथ बाईक सवार 3 लोगों ने की जमकर मारपीट की। बताया गया कि चोरी की नीयत से आधा दर्जन लोग वहां पहुंचे थे। गार्ड ने पहले गोदाम की बाउंड्री के पास से सभी को भगाया था, जिसके बाद वह रात में गेट पर बैठा हुआ था, रात में बाइक सवार आधा दर्जन बदमाश आए जिसमें से 3 लोगों ने गार्ड से मारपीट कर डंडे से हमला कर घायल कर दिया, इस हमले के चलते गार्ड की आंख में व शरीर पर मारपीट के निशान आए दिखाई दिए। जिसके बाद पी?ित ने अमरपाटन थाने पहुँचकर घटना की शिकायत की ,मेडिकल के उपरांत प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल सतना रेफर कर दिया, जहां पर उन्हें भर्ती कर उपचार किया जा रहा है।
पहले हो चुकी चोरी
मारपीट की घटना गोदाम में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, बताया गया कि मारपीट करने वाले पहले भी गोदाम में अनाज से भरी बोरियों की चोरी की घटना को अंजाम दे चुके हैं।
