
उज्जैन। सिंहस्थ 2028 को ध्यान में रखते हुए शहर में सडक़ निर्माण, मार्ग चौड़ीकरण और बुनियादी सुविधाओं के विकास कार्य तेजी से किए जा रहे हैं। करोड़ों श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए प्रशासन द्वारा महाकाल क्षेत्र से लेकर शहर के प्रमुख मार्गों तक बड़े स्तर पर काम किए जा रहे हैं। इन्हीं निर्माण कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता देखने के लिए बुधवार सुबह संभागायुक्त आशीष सिंह और कलेक्टर रौशन कुमार सिंह ने विभिन्न निर्माण स्थलों का निरीक्षण किया और मौके पर पहुंचकर अधिकारियों व निर्माण एजेंसियों से जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सडक़ निर्माण में उपयोग की जा रही सामग्री की गुणवत्ता की जांच की और स्पष्ट कहा कि सिंहस्थ जैसे विश्वस्तरीय आयोजन को देखते हुए निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। निर्माण एजेंसियों को निर्देश दिए गए कि सभी कार्य तय समय सीमा में और पूरी गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं, ताकि सिंहस्थ के दौरान आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर यातायात व्यवस्था और सुविधाएं मिल सकें।
सबसे पहले जीवनखेड़ी से सिकंदरी तक बन रही नई सडक़ का निरीक्षण किया गया। सिंहस्थ को ध्यान में रखते हुए इस मार्ग का निर्माण महत्वपूर्ण माना जा रहा है। लगभग 3.2 किलोमीटर लंबी और करीब 30 मीटर चौड़ी इस सडक़ का निर्माण कार्य प्रगति पर है। अधिकारियों ने निर्माण एजेंसी और विभागीय अधिकारियों से कार्य की स्थिति की जानकारी ली। बताया गया कि सडक़ निर्माण के लिए डीएसबी का कार्य किया जा चुका है और आगे के चरणों में सडक़ को मजबूत और व्यवस्थित रूप दिया जाएगा। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने जीआई मैपिंग के आधार पर सेंट्रल लाइन तय कर कार्य को व्यवस्थित तरीके से आगे बढ़ाने के निर्देश दिए। साथ ही जिन स्थानों पर भूमि अधिग्रहण और मुआवजा संबंधी प्रकरण लंबित हैं, उन्हें जल्द से जल्द निपटाने के लिए भी कहा गया। मंदिर क्षेत्र से जुड़े महत्वपूर्ण मार्गों का भी निरीक्षण किया गया। महाकाल पार्किंग से 24 खंबा माता मंदिर तक 24 मीटर चौड़े मार्ग के निर्माण कार्य को देखा गया। इसी तरह भारत माता मंदिर से अहिल्याबाई पार्किंग तक मार्ग निर्माण और 24 खंबा माता मंदिर से छोटा रुद्रसागर तक लगभग 650 मीटर लंबे मार्ग के चौड़ीकरण और सौंदर्यीकरण कार्य का भी जायजा लिया गया। ये सभी मार्ग महाकाल मंदिर क्षेत्र से सीधे जुड़े हुए हैं और यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु आते हैं। सिंहस्थ के दौरान यह संख्या कई गुना बढ़ जाएगी।
गदा पुलिया से रवि शंकर नगर मार्ग
निरीक्षण के दौरान गदा पुलिया से रविशंकर नगर होते हुए लालपुल तक बन रहे मार्ग चौड़ीकरण कार्य को भी देखा गया। यह मार्ग करीब 1.387 किलोमीटर लंबा और लगभग 24 मीटर चौड़ा बनाया जा रहा है। अधिकारियों ने इस पूरे मार्ग पर पैदल भ्रमण कर निर्माण कार्य की स्थिति का जायजा लिया और निर्माण एजेंसी को काम की गति बढ़ाने के निर्देश दिए। जयसिंहपुरा क्षेत्र में रहवासियों ने बताया कि शहर के विकास और सिंहस्थ की तैयारी को देखते हुए क्षेत्र के कई लोगों ने अपने मकान और निर्माण स्वयं ही हटाए हैं।
