महू: पुराना इंदौर रोड स्थित वार्ड क्रमांक 7 में छावनी परिषद द्वारा जनहित में बनाई गई पानी की टंकी से अज्ञात बदमाशों द्वारा विद्युत उपकरण चोरी करने का गंभीर मामला सामने आया है. इस चोरी के कारण मोटर पंप बंद हो गया है, जिससे पूरे क्षेत्र की पेयजल आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई है. भीषण गर्मी के इस दौर में स्थानीय नागरिक पानी की बूंद-बूंद के लिए तरस रहे हैं. इस संवेदनशील मामले को लेकर स्थानीय सामाजिक संस्था प्रज्ञा सागर आगे आई है.
संस्था के माध्यम से समाजसेवी जगमोहन सोन ने महू पुलिस प्रशासन और छावनी परिषद (कैंटोनमेंट बोर्ड) दोनों के संज्ञान में यह मामला लाते हुए उचित और त्वरित कार्रवाई की मांग की है. समाजसेवी जगमोहन सोन ने कहा कि छावनी परिषद को इस मामले को गंभीरता से लेना चाहिए और शासकीय संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वाले अज्ञात अपराधियों के खिलाफ महू पुलिस थाने में तुरंत शिकायत दर्ज करानी चाहिए.
इसके साथ ही, उन्होंने मांग की है कि जनहित को ध्यान में रखते हुए परिषद जल्द से जल्द नए उपकरण लगवाकर क्षेत्र में पानी की सप्लाई बहाल करे ताकि नागरिकों को इस संकट से राहत मिल सके।संस्था ने महू पुलिस प्रशासन से भी मांग की है कि शासकीय संपत्ति की चोरी करने वाले इन बदमाशों का जल्द पता लगाकर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए
