
ब्यावरा। नगर सहित जिले भर में नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में कुत्ते के हमले एकाएक बढ़े है. अस्पतालों में हर दिन कुत्तों के काटने के मामले आ रहे है. ब्यावरा के सिविल अस्पताल में ही अगस्त के 28 दिन में 166 मामले कुत्ते के काटने के आए है.
विदित है कि विगत दिनों से कुत्तों के काटे जाने के मामलों में बढ़ोत्तरी हुई है. नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह के मामले बढ़े है. ब्यावरा सिविल अस्पताल ेमें गुरुवार को कुत्ते द्वारा काटने के 8 मामले आये. अस्पताल के ओपीडी प्रबंधन के अनुसार अगस्त माह के 28 दिनों में ही कुत्ते के काटने के 166 मामले आये हैै.
नगरीय क्षेत्र से अधिक मामले
एक और विशेष बात यह है कि कुत्ते के काटने के मामले ग्रामीण क्षेत्र की तुलना में नगरीय क्षेत्र से अधिक आ रहे है. जिले में ब्यावरा, सारंगपुर, नरसिंहगढ़ सिविल अस्पताल में कुत्तो के काटने के मामले अधिक रहे है. जिला चिकित्सालय प्रबंधन के अनुसार एक माह में कुत्ते के काटने के जिले में 500 से 700 के बीच मामले आ रहे है.
स्टोर रुम में इंजेक्शन का टोटा
कुत्ते के काटने पर सुरक्षात्मक दृष्टि से उपचार करते हुए रेबिज इंजेक्शन लगाया जाता है. परन्तु जिला चिकित्सालय में वर्तमान में रेबिज इंजेक्शन नहीं है. अस्पताल प्र्रबंधन के अनुसार पांच हजार इंजेक्शन की डिमांड भेजी गई है. जल्द ही भोपाल से रेबिज इंजेक्शन आने की बात कही है.
कुत्तों के खौफ से दहशत
गली-मोहल्लों, कॉलोनियों, चौराहों, बाजार, सडक़ो पर कुत्तो के झुंड के झुंड नजर आते है. कई बार यह कुत्ते हिंसक होकर राहगीरों पर हमला कर देते है. छोटे बच्चों सहित बड़े लोगों पर कुत्तो द्वारा हमला करने की घटना सामने आ रही है. यही नहीं यह एक साथ झुंड में हमला बोलते है. कुत्तों के काटने की घटनाओं से दहशत का वातावरण बना रहता है.
मुख्य मार्गो पर आतंक
गली, मोहल्ले, कॉलोनियों तक ही नहीं अब नगर के मुख्य मार्गो, चौराहों पर भी झुंड के रुप में कुत्तों का जमघट देखा जा सकता है. यही नहीं दुपहिया वाहनों के पीछे एकाएक यह कुत्ते दौड़ लगा देते है जिससे कई बार वाहन चालक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो चुके है.
एक माह में 500 से 700 के बीच कुत्ते के काटने के मामले आ रहे है, इनमें नगरीय क्षेत्र से अधिक मामले है. स्टोर रुम में इंजेक्शन की शॉर्टेज हो सकती है किंतु इमरजेंसी में रेबिज इंजेक्शन उपलब्ध है.
डा. महेन्द्रपाल सिंह
जिला महामारी नियंत्रक अधिकारी
जिला चिकित्सालय राजगढ़
