कलश यात्रा का वैभव बढ़ाएगा नर्मदा का जल, नरसिंहगढ़ में कल से सवा करोड़ पार्थिव शिवलिंग का निर्माण

नरसिंहगढ़। बाबा बैजनाथ की नगरी नरसिंहगढ़ में आज विशाल कलशयात्रा के साथ ऐतिहासिक आयोजन का श्रीगणेश होगा. जन मानस सवा करोड़ पार्थिव शिवलिंग निर्माण एवं भव्य रूद्राभिषेक के ऐतिहासिक आयोजन का साक्षी बनेगा. विशेष बात यह है कि नर्मदा जी से लाया गया पवित्र जल ऐतिहासिक कलशयात्रा का वैभव बढ़ाएगा.

विदित है कि स्थानीय स्टेडियम ग्राउण्ड परिसर में आज से सवा करोड़ पार्थिव शिवलिंग निर्माण का शुभारंभ होगा. इस ऐतिहासिक आयोजन की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई है. आज पहले दिन कलश यात्रा के साथ आयोजन प्रारंभ होगा. हिन्दू उत्सव समिति के तत्वावधान में यह आयोजन श्रद्धालुओं के सहयोग से किया जा रहा है. हिन्दू उत्सव समिति के अध्यक्ष विधायक मोहन शर्मा के नेतृत्व में सभी कार्यकर्ता, श्रद्धालुजन आयोजन की व्यवस्थाओं में लगे हुए है.

जानकारी के अनुसार आज प्रात: 10 बजे आयोजन स्थल स्टेडियम ग्राउण्ड से गाजे-बाजे, ध्वज पताकाओं के साथ विशाल कलश यात्रा प्रारंभ होगी जो नगर के प्रमुख मार्गो से होकर वापस आयोजन स्थल पर पहुंचेगी.

ऐतिहासिक स्वागत की तैयारी

कलश यात्रा के नगर में ऐतिहासिक स्वागत कि तैयारियां की गई है. समूचे मार्ग में स्वागत द्वार, ध्वज पताकाएं लगाई है. सडक़ के दोनों और घर, प्रतिष्ठानों से धर्मप्रेमी नागरिकों द्वारा पुष्पवर्र्षा की जाएगी. इस अनूठे आयोजन को लेकर नगर में काफी उत्साह है.

40 पंडितों की टीम करेगी अनुष्ठान

पार्थिव शिवलिंग निर्माण एवं धार्मिक अनुष्ठान धर्माचार्य सोमेश परसाई के सानिध्य में किया जाएगा. इसके लिए होशंगाबाद से 40 विशेषज्ञ पंडितों की टीम बुलाई गई है जिनके द्वारा अनुष्ठान सम्पन्न कराया जाएगा. रोजाना प्रात: 9 बजे से शिवलिंग निर्माण प्रारंभ होगा तथा दोपहर के समय शिव पुराण कथा होगी. शाम 6 विशेष महाआरती का आयोजन होगा.

शिवजी की प्रतिमा का निर्माण

आयोजन स्थल पर ही विशेष रुप से मिट्टी की शिवजी की प्रतिमा का निर्माण किया गया है. नगर के ओ.पी. चौहान एवं उनके साथियों के द्वारा प्रतिमा निर्माण किया है.

टेंकर से बुलवाया नर्मदा जी का जल

कलश यात्रा में विशेष रुप से नर्मदा जी का जल बुलवाया गया है. होशंगाबाद से एक टेंकर नर्मदा जी का जल नगर में आया है. इस जल से कलश भरे जाएंगे. जबकि शिवलिंग का निर्माण विशेष काली मिट्टी से किया जाएगा तथा शिवलिंग का विसर्जन नगर से करीब 4 किमी दूर कुरावर मार्ग पर स्थित बांडा बेदरा तालाब में किया जाएगा.

विभिन्न समितियां बनी

धार्मिक आयोजन हेतु अनेक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की है. विभिन्न सेवा समितियां बनाई है. भव्य आयोजन को सुचारु रुप से संचालन करने विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी गई है. भोजन व्यवस्था, शिवलिंग हेतु मिट्टी वितरण समिति, विसर्जन व्यवस्था समिति, पूजन व्यवस्था समिति, पेयजल व्यवस्था समिति, सफाई व्यवस्था समिति, चरण पादुका सेवा समिति, वाहन पार्किंग समिति, बेलपत्री व्यवस्था सहित अनेक समितियां बनाई है. आयोजन 29 अगस्त से प्रारंभ होकर 4 सितम्बर तक चलेगा.

Next Post

पुलिस ने 2 शातिर वाहन चोरों को पकड़ा, अलग-अलग स्थानों पर करते थे लूटपाट

Thu Aug 28 , 2025
भोपाल। थाना कमला नगर पुलिस ने 2 शातिर वाहन चोर गिरफ्तार किया है. आरोपियों के पास से करीब 5 लाख रूपये का मशरूका बरामद किया गया है. पुलिस जानकारी के अनुसार बीते 8 मार्च को शिकायतकर्ता हरिओम वर्मा ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी. वर्मा ने पुलिस को बताया था कि […]

You May Like