शादी डॉट कॉम पर फर्जी आईडी बनाकर युवतियों से दोस्ती, ब्लैकमेल कर लूटी अस्मत

जबलपुर: मेट्रीमोनियल साइट शादी डॉट कॉम पर नाम बदलकर युवतियों को जाल में फंसाते हुए शादी का झांसा देकर होटलों में उनकी प्राइवेट तस्वीरें खींचने के बाद ब्लैमेल कर उनका शारीरिक शोषण किया। हाईप्रोफाइल ठग को पुलिस ने बेंगलुरु से गिरफ्तार किया है। इसके बाद जबलपुर लाने के बाद उसे रविवार को न्यायालय के समक्ष पेश किया जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। आरोपी फर्जी पहचान बताकर लड़कियों से दोस्ती करता था और फिर उनकी प्राइवेट तस्वीरें व वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करता था।
पुलिस के मुताबिक, पीडि़त युवती ने शिकायत दर्ज कराई थी कि शादी डॉट कॉम पर पंकज सिंह नाम के एक युवक ने उससे संपर्क किया था। दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई और मुलाकात तय हुई। 14 मार्च 2026 को आरोपी युवती से मिलने जबलपुर के मैक्स होटल पहुंचा। होटल के रिकॉर्ड में आरोपी ने अपना असली आधार कार्ड दिया, जिसमें उसका असली नाम आदित्य सिंह दर्ज था। होटल में रुकने के दौरान आरोपी ने चुपके से युवती की कुछ प्राइवेट तस्वीरें खींच लीं। इसके बाद वह तस्वीरों को सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर युवती को ब्लैकमेल करने और उसका पीछा करने लगा।
अलग-अलग होटलों में लूटी आबरू
तस्वीरें वायरल करने का डर दिखाकर और शादी का झूठा वादा कर आरोपी ने युवती का लगातार शोषण किया। 28 मई 2026 को आरोपी ने दोबारा पीडि़ता को अपने जाल में फंसाया और जबलपुर के होटल मैक्स, होटल शगुन और होटल एप्पल एन ले जाकर उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए। परेशान होकर पीडि़ता ने मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई।
फोटो मिलान पर चढ़ा हत्थे
मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने जब रिकॉर्ड खंगाला और पूर्व के एक आरोपी की फोटो से मिलान किया, तो चेहरा पूरी तरह मैच हो गया। इससे साफ हो गया कि आरोपी आदतन अपराधी है और नाम बदलकर लड़कियों को शिकार बनाता है। पुलिस ने साइबर सेल की मदद से ली। आरोपी के मोबाइल की सीडीआर और टावर लोकेशन ट्रेस की, जो बेंगलुरु की निकली। इसके तुरंत बाद जबलपुर पुलिस की एक विशेष टीम बेंगलुरु रवाना हुई।
घर के पास से दबोचा, कोर्ट से मिली ट्रांजिट रिमांड
बेंगलुरु पहुंची पुलिस टीम ने टावर लोकेशन के आधार पर घेराबंदी की। स्थानीय लोगों को आरोपी की फोटो दिखाकर उसकी पहचान की गई। जैसे ही आरोपी अपने घर के पास नजर आया, पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया।
आरोपीआदित्य सिंह पिता शिव शंकर सिंह, निवासी एसके गार्ड, बेंगलुरु सिटी, कर्नाटक की गिरफ्तारी के बाद पुलिस उसे बेंगलुरु के विद्यारानयापुरा थाने लेकर गई। पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया के तहत आरोपी की पत्नी रेणु देवी को उसकी गिरफ्तारी की सूचना दी। इसके बाद आरोपी को बेंगलुरु की कोर्ट में पेश कर वहां से ट्रांजिट रिमांड मंजूर कराई गई। इसके बाद उसे जबलपुर पुलिस लेकर लौटी। उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

Next Post

बिजली के 13 पोल तोड़कर तार चुराने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार, 3 लाख का मशरूका बरामद

Mon Jun 8 , 2026
सागर: मध्य प्रदेश के सागर जिले बण्डा शाहगढ से निकली 33/11 केवी की लाईन को निशाना बनाते हुए 13 पोल क्षतिग्रस्त कर तार चोरी के आरोप मे तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी गया लगभग 3 लाख रुपये मूल्य का मशरूका बरामद किया है।थाना बहरोल में दर्ज धारा 303(2) भारतीय […]

You May Like