मुंबई, अमाला अक्किनेनी साउथ सिनेमा की मशहूर एक्ट्रेस रही हैं। उन्होंने कमल हासन संग कई फिल्मों में काम किया और नागार्जुन से शादी की। अमाला इरफान खान की कारवां का भी हिस्सा रह चुकी हैं।
साउथ एक्ट्रेस अमाला अक्किनेनी का जन्म 12 सितंबर को कोलकाता में हुआ था। अमाला आज अपना 59वां जन्मदिन मना रही हैं। उनके पिता इंडियन नेवी में अधिकारी थे, जबकि उनकी मां आयरिश थीं। बाद में उनका परिवार मद्रास यानी चेन्नई शिफ्ट हो गया। अमाला ने अपने करियर में सबसे ज्यादा तमिल फिल्मों में काम किया। इसके अलावा वह तेलुगू, मलयालम, कन्नड़ और हिंदी फिल्मों में भी नजर आईं।
अमाला की निजी जिंदगी भी काफी चर्चा में रही है। उन्होंने साल 1992 में साउथ सुपरस्टार नागार्जुन से शादी की थी। शादी के बाद दोनों ने एक-दूसरे का साथ निभाया और आज भी इंडस्ट्री के चर्चित कपल्स में गिने जाते हैं। दोनों का एक बेटा अखिल अक्किनेनी है। वहीं, नागा चैतन्य अमाला के स्टेप सन हैं, जो नागार्जुन की पहली पत्नी से हैं। अमाला और नागार्जुन ने एक साथ कई फिल्मों में भी काम किया है। पर्दे पर उनकी जोड़ी को दर्शकों ने खूब पसंद किया।
कमल हासन के साथ भी जमी जोड़ी
अमाला अक्किनेनी की जोड़ी कमल हासन के साथ भी काफी पसंद की गई। अमाला अक्किनेनी और कमल हासन ने वेत्री विजहा और सत्या जैसी फिल्मों में साथ काम किया। वहीं, पुष्पक जैसी ब्लैक कॉमेडी साइलेंट फिल्म में भी दोनों की केमिस्ट्री देखने को मिली थी।
बॉलीवुड फिल्मों में भी दिखाया दम
अमाला ने बॉलीवुड में भी अपनी एक्टिंग का जलवा दिखाया। उन्होंने दयावान से हिंदी फिल्मों में कदम रखा, जिसमें उनके साथ विनोद खन्ना नजर आए थे। इसके बाद वह शिवा, जुर्रत और जोश जैसी फिल्मों का हिस्सा बनीं। इतना ही नहीं, अमाला ने इरफान खान की फिल्म ‘कारवां’ में भी काम किया। इसके इमरान हाशमी अलावा वह हमारी अधूरी कहानी में भी नजर आई थीं।
आज भी फिल्मों में हैं सक्रिय
अमाला अक्किनेनी एक्टिंग की दुनिया से पूरी तरह दूर नहीं हुई हैं। उनकी पिछली फिल्म तुमसे ना हो पाएगा साल 2023 में रिलीज हुई थी। ओटीटी पर आई इस फिल्म में उन्होंने एक मां का मजबूत किरदार निभाया था। फिल्म में इश्वक सिंह मुख्य भूमिका में नजर आए थे। अमाला सोशल मीडिया पर भी काफी एक्टिव रहती हैं और फैंस के साथ अपनी जिंदगी से जुड़ी झलकियां शेयर करती रहती हैं।
