सीधी: जिला कांग्रेस कमेटी सीधी द्वारा कांग्रेस कार्यालय जवाहर भवन में जिले के नव नियुक्त ब्लॉक अध्यक्षों एवं नगर अध्यक्षों के पदभार ग्रहण कार्यक्रम एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में संगठनात्मक एकता, अनुशासन और सक्रिय जनसंपर्क को प्राथमिकता देने का संकल्प दोहराया गया।कार्यक्रम के दौरान नवनियुक्त अध्यक्षों ने औपचारिक रूप से अपना पदभार ग्रहण किया। इसके उपरांत आयोजित बैठक में ग्राम पंचायत कमेटी एवं वार्ड कमेटी के गठनए संगठनात्मक गतिविधियों के विस्तारए जनसंपर्क अभियान को तेज करने तथा संगठन की कार्यकुशलता बढ़ाने पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। बैठक में आगामी रणनीति तय करते हुए बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्ञान सिंह ने अपने वक्तव्य में कहा कि संगठन की मजबूती ही कांग्रेस की असली ताकत है। उन्होंने कहा कि ब्लॉक और नगर स्तर पर सक्रिय एवं जिम्मेदार नेतृत्व से ही कांग्रेस का जनाधार और अधिक मजबूत होगा। हमें गांव-गांव, वार्ड-वार्ड तक पहुंचकर आम जनता की समस्याओं को समझना और उनके समाधान के लिए संघर्ष करना है। ग्राम पंचायत और वार्ड कमेटियों का गठन शीघ्र पूर्ण कर संगठन को जमीनी स्तर पर सशक्त बनाना हमारी प्राथमिकता है। उन्होंने सभी नवनियुक्त अध्यक्षों को शुभकामनाएं देते हुए अपेक्षा जताई कि वे पूर्ण निष्ठा, समर्पण और सक्रियता के साथ संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। कार्यक्रम का समापन संगठन को और अधिक सशक्त एवं सक्रिय बनाने के संकल्प के साथ हुआ।
कार्यक्रम में इनकी रही उपस्थिति
इस अवसर पर विनोद शर्मा, ज्ञानेन्द्र अग्निहोत्री, रामभिलाष पटेल, अरविन्द तिवारी, परमजीत पाण्डेय, विवेक सिंह दीपू, हल्के सोनी, सुंदरलाल सिंह, राणा प्रताप सिंह, जय सिंह, सुनील सिंह, सुखनंदन सोनी, सुशील पाण्डेय, मनोज सिंह चंदेल, शिवकुमार सिंह, चिंतामणि गुप्ता, विमल जायसवाल सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
