शहडोल: सिंहपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत दूधी गांव स्थित मुड़ना नदी में बोरे में बंधी अज्ञात युवती की लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। रविवार दोपहर खेत में सिंचाई के लिए पंप लगाने गए एक किसान ने नाले में पानी के बीच पड़ा एक बोरा देखा, जिससे तेज बदबू आ रही थी। संदेह होने पर किसान ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने बोरे को खुलवाया तो उसके भीतर लगभग 30 वर्षीया अज्ञात युवती का शव मिला। पुलिस के अनुसार शव लगभग तीन से चार दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। बोरा मजबूती से बंधा हुआ था और उसमें पत्थर भी बांध कर फेंका गया था, जिससे प्रथम दृष्टया हत्या कर शव को ठिकाने लगाने की आशंका जताई जा रही है। मौके पर पुलिस एवं एफएसएल की टीम भी जांच करने पहुंची। लड़की के हाथ में ॐ का निशान एवं अंग्रेजी के अक्षर डी और आर गोदा हुआ है।
