
सतना। जिले के मझगवां विकासखंड अंतर्गत गोपालपुर स्थित शासकीय प्राथमिक शाला के पहली कक्षा के 7 वर्षीय छात्र उमाकांत विश्वकर्मा की मौत सर्पदंश से हुई थी। यह खुलासा गुरुवार को शव के पोस्टमार्टम के बाद हुआ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बरौंधा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की मर्चुरी में दो डॉक्टरों के पैनल ने शव का पोस्टमार्टम किया। डॉ. दिवाकर सिंह और डॉ. शिवानी सिंह ने पोस्टमार्टम के दौरान पाया कि छात्र के पैर में सांप के डसने के निशान थे। डॉक्टरों ने पैर के उस हिस्से की त्वचा को संरक्षित कर लिया है। पोस्टमार्टम के बाद बरौंधा थाना पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया।
गौरतलब है कि बुधवार को स्कूल में दोपहर के भोजन (एमडीएम) के तहत बच्चों को दाल-चावल परोसा गया था। भोजन के बाद सभी बच्चे खेलने लगे। इसी दौरान उमाकांत की आंखों, होंठ और पैरों में अचानक सूजन आ गई और वह खेलते-खेलते शिथिल होकर गिर पड़ा। घटना की जानकारी बच्चे के परिजनों को दी गई, लेकिन अस्पताल ले जाने से पहले ही उसकी स्कूल में मृत्यु हो गई थी।
झाड़ियों में छिपे थे बच्चे
प्राथमिक पाठशाला गोपालपुर में उमाकांत के सहपाठियों ने बताया कि खाना खाने के बाद सभी बच्चे लुका-छिपी का खेल खेल रहे थे। इस दौरान कई बच्चे स्कूल से लगी झाड़ियों में छिपे थे। बच्चों ने बताया कि खेल के दौरान प्यास लगने पर हैंडपंप से पानी पीने के दौरान उन्होंने उमाकांत की आंखों और चेहरे पर सूजन देखी थी, जिसके बाद उसकी तबियत बिगड़ी। आशंका जताई जा रही है कि खेलते समय झाड़ियों में छिपने के दौरान ही उमाकांत को सांप ने डसा होगा।
