
सौसर। चमत्कारिक श्री हनुमान मंदिर जामसांवली धाम,हनुमान लोक में आज 28 मार्च से हनुमान जन्मोत्सव के विविध धार्मिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रमों की भव्य शुरुआत हो रही है। प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी मंदिर परिसर में भक्ति, श्रद्धा और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है। मंदिर संस्थान द्वारा पूरे परिसर को आकर्षक रोशनी और फूलों से सजाया गया है, जिससे धाम का स्वरूप अलौकिक नजर आ रहा है।
सात दिवसीय आयोजनों की श्रृंखला
हनुमान जन्मोत्सव की औपचारिक शुरुआत बीते दिनों प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा की जा चुकी है। आगामी सात दिनों तक यहाँ देश-विदेश के ख्याति प्राप्त संत एवं कलाकारों का जमावड़ा रहेगा।
कार्यक्रमों का विवरण इस प्रकार है :
आज 28 मार्च शाम 7:30 बजे श्रद्धेय विवेक महाराज द्वारा हनुमान चरित्र पर आध्यात्मिक प्रबोधन। इसी कड़ी में 29 मार्च से 2 अप्रैल तक प्रतिदिन दोपहर 3 से 6 बजे तक पद्मविभूषण जगद्गुरु रामानंदाचार्य स्वामी रामभद्राचार्य महाराज द्वारा दिव्य रामकथा का वाचन। वही 31मार्च को शाम 7:30 बजे संत रसराज महाराज के सानिध्य में 11 हजार श्रद्धालुओं द्वारा सामूहिक सुंदरकांड पाठ किया जाएगा। इसी तरह 1 अप्रैल को रात 8:30 बजे सुप्रसिद्ध भजन गायिका स्वस्ति मेहुल द्वारा भजनों की प्रस्तुति दी जाएगी। 2 अप्रैल को मध्यरात्रि 2 बजे वाराणसी के विद्वान पुरोहितों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ श्री हनुमान जी का महाअभिषेक होगा।
*मुख्यमंत्री ने दी विकास कार्यों की सौगात*
हाल ही में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सपतनीक जामसांवली धाम पहुंचकर ‘हनुमान लोक’ के द्वितीय चरण के कार्यों और मंदिर परिसर में मानसिक रोगियों के उपचार हेतु 10 बेड के अस्पताल की आधारशिला रखी है।
संस्थान ने जताया आभार:
मंदिर को मिली करोड़ों की इन सौगातों पर संस्थान अध्यक्ष गोपाल शर्मा, कलेक्टर एवं न्यास प्रबंधक नीरज कुमार वशिष्ठ, जिला भाजपा अध्यक्ष संदीप मोहोड, प्रदेश प्रवक्ता अजय धवले और सचिव टीकाराम कारोकार ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया है।
