नयी दिल्ली 05 अगस्त (वार्ता) रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने कहा है कि सरकार शहरी बुनियादी ढांचे को विश्व-स्तरीय सुविधाओं के साथ बेहतर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
श्री सेठ ने बुधवार को यहां अफ्रीका एवेन्यू स्थित ‘डिफेंस ऑफिस कॉम्प्लेक्स’ में नवनिर्मित मल्टी-लेवल कार पार्किंग सुविधा के उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए यह बात कही।
रक्षा राज्य मंत्री ने इस परियोजना को परिसर में पार्किंग की समस्या को कम करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताते हुए जोर देकर कहा कि मेट्रो शहरों में, जहां जमीन का सीमित संसाधन है वहां बुनियादी ढांचे से जुड़ी समस्याओं का समाधान आधुनिक तकनीक से किया जा सकता है। उन्होंने जोर देकर कहा कि ऐसी पहल से काम करने की क्षमता में सुधार होता है और पारंपरिक तकनीकों से अधिक उन्नत तथा आधुनिक तकनीकों का इस्तेमाल बढता है।
निर्धारित समय-सीमा में परियोजना पूरा करने के लिए केन्द्रीय लोक निर्माण विकास के प्रयासों की सराहना करते हुए श्री सेठ ने उसके द्वारा बनाई गई नई इमारतों जैसे सांसद फ्लैट, कर्तव्य भवन और एग्जीक्यूटिव एन्क्लेव की गुणवत्ता, सुविधा और सुंदरता की भी तारीफ की।
इस 14-मंजिला मल्टी-लेवल पार्किंग में पूरी तरह से ऑटोमैटिक रोबोटिक (डॉली) तकनीक का इस्तेमाल किया गया है, ताकि उपलब्ध जमीन पर ज्यादा से ज्यादा पार्किंग की जगह बनाई जा सके। पारंपरिक पार्किंग की तुलना में यह जगह के इस्तेमाल के मामले में 60 प्रतिशत अधिक कुशल है और इसकी लागत 45 करोड़ रुपये है। इसमें सीसीटीवी निगरानी और आग से सुरक्षा प्रणाली भी लगी है। इसमें इस्तेमाल की गई तकनीक यह सुनिश्चित करती है कि लिफ्ट लॉबी में प्रवेश करने के बाद इंसानी दखल कम से कम हो और गाड़ियों से कोई उत्सर्जन न हो।
