
सीधी। सांसद के निर्देश और मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) के आदेश के बावजूद सीधी शहर में अवैध होर्डिंग्स जस की तस बनी हुई हैं। शासन के निर्देशों की खुलेआम अनदेखी करते हुए शहर के प्रमुख चौराहों और सड़कों पर अवैध विज्ञापन बोर्ड अब भी लटके हुए हैं।
सीएमओ श्रीमती मिनी अग्रवाल ने 29 अक्टूबर 2025 को अतिक्रमण प्रभारी मंगलेश्वर सिंह को आदेश क्रमांक 4871/राजस्व/न.पा./2025 के तहत तीन दिनों में अवैध होर्डिंग हटाने के निर्देश दिए थे। निर्धारित समय सीमा बीत जाने के बाद भी नगर पालिका का अमला अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर पाया है।
वर्ष 2018 से शहर में अवैध होर्डिंग लगाने का सिलसिला जारी है, जिससे शासन को हर माह लाखों रुपये का राजस्व नुकसान हो रहा है। नगर पालिका पार्षदों और नागरिकों ने कई बार विरोध दर्ज कराया है, फिर भी कार्रवाई ठप है। बताया जाता है कि सियासी दबाव के चलते जिम्मेदार अधिकारी कार्रवाई से बचते आ रहे हैं।
नगर पालिका ने पहले पाँच संचालकों को नोटिस जारी कर जुर्माना भरने का निर्देश दिया था, लेकिन न वसूली हुई न होर्डिंग हटे।
अतिक्रमण प्रभारी मंगलेश्वर सिंह का कहना है कि दिन में ट्रैफिक और भीड़ के कारण कार्रवाई में दिक्कत आती है, इसलिए रात में अभियान चलाकर अवैध होर्डिंग हटाने की तैयारी की जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अवैध होर्डिंग्स न केवल शहर की सुंदरता बिगाड़ रही हैं बल्कि सड़क दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ा रही हैं। अब देखना होगा कि नगर पालिका प्रशासन इस पर कब तक ठोस कार्रवाई करता है।
