रीवा:अतिवृष्टि का असर रीवा से आने जाने वाली वायुयान सेवाओं में भी देखने को मिल रहा है। शनिवार को रीवा एयरपोर्ट से भोपाल और रायपुर की फ्लाइट कैंसिल करनी पड़ गई। कोलकाता-रीवा भोपाल के बीच संचालित एटीआर 72 रीवा से वापस हो गया है। दरअसल रीवा एयरपोर्ट के रनवे पर पानी भर गया था। जिसके कारण फ्लाइट का संचालन संभव नहीं हो रहा था। यही वजह है कि यह उड़ान शार्ट फ्लाइट का शिकार हो गई। एलाइंस एयर संबंधित शहरों की फ्लाइट कैंसिल होने पर यात्रियों के टिकिट का रिफंड करेगा। इस बीच रीवा एयरपोर्ट पर यात्रियों में अफरा-तफरी रही।
रायपुर की 24 और भोपाल की 30 टिकिट रद्द
रीवा एयरपोर्ट स्टेशन प्रबंधक राजकुमार पटेल ने बताया है कि रनवे में पानी होने के कारण शनिवार को 12.40 पर रायपुर के लिए शेड्यूल उड़ान कैंसिल करनी पड़ गई है। रीवा से रायपुर जाने वाले 24 यात्रियों की टिकिट रद्द की गई है। यही नहीं भोपाल जाने वाले 30 यात्रियों की टिकिट शाम को रद्द कर दी गई है। राजकुमार ने बताया कि कोलकाता-रीवा और भोपाल की फ्लाइट की टाइमिंग दोपहर 3.15 बजे की है। लेकिन शनिवार को यह फ्लाइट 8.30 बजे आई है। जबकि इसके रीवा से कोलकाता जाने का समय शाम 7.30 बजे का है। उन्होने बताया कि 40 यात्री कोलकाता से रीवा आए हैं। यह फ्लाइट शार्ट होकर कोलकाता वापस चली गई।
एक दिन पहले दिल्ली की फ्लाइट हुई प्रभावित
शुक्रवार को रीवा दिल्ली के बीच चलने वाले एटीआर 72 की लैंडिंग खराब मौसम और रनवे क्लीयर न होने के कारण नहीं हो पाई थी। यह विमान सतना और रीवा के बीच कई मिनट तक उड़ता रहा और बाद में दिल्ली वापस हो गया।
