मैक्सिको सिटी/ नयी दिल्ली, 25 सितंबर (वार्ता) मैक्सिको की राष्ट्रपति क्लाउडिया शीनबाम ने बुधवार को संयुक्त राज्य अमेरिका में इमिग्रेशन एंड कस्टम्स एनफोर्समेंट (आईसीई) द्वारा की गई आव्रजन छापेमारी की निंदा करते कहा कि वाशिंगटन को एक राजनयिक नोट भेजा गया है जिसमें हाल ही में दो मैक्सिकन नागरिकों की मौत की जांच की मांग की गई है।
राष्ट्रपति ने अपनी दैनिक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, “कल इस मामले पर एक राजनयिक नोट भेजा गया था, जिसमें सभी जांच करने का अनुरोध किया गया है, और यदि कोई मानवाधिकार उल्लंघन के लिए जिम्मेदार है, तो उसे दंडित किया जाए।” आईसीई छापेमारी और हिरासत के बाद मैक्सिकन प्रवासियों इस्माइल अयाला-उरिबे और सिल्वेरियो विल्लेगास गोंजालेज की मृत्यु हो गई।
श्रीमती शीनबाम ने संयुक्त राज्य में प्रवासियों के अपराधीकरण पर खेद व्यक्त किया और वहां रहने वाले मैक्सिकन लोगों के समर्थन में अपनी सरकार की पहल पर जोर दिया, जिसमें एक आपातकालीन हॉटलाइन स्थापित करना और तकनीकी व कानूनी सलाह देने वाली सेवाओं को मजबूत करना शामिल है।
श्रीमती शीनबाम ने कहा कि वाशिंगटन की आक्रामक प्रवासी-विरोधी नीतियां न केवल मैक्सिकन लोगों को प्रभावित करती हैं, बल्कि अमेरिकी अर्थव्यवस्था को भी प्रभावित करती हैं, जहां “कृषि और सेवा क्षेत्रों में व्यवसायी समस्याओं की रिपोर्ट कर रहे हैं क्योंकि वे श्रमिकों को नियुक्त नहीं कर पा रहे हैं।”
राष्ट्रपति ने दोहराया कि संयुक्त राज्य में रहने वाले मैक्सिकन, चाहे वे पहली, दूसरी, तीसरी या चौथी पीढ़ी के हों, अमेरिकी अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं, और वे अपने द्वारा भेजे गए प्रेषणों के माध्यम से मैक्सिकन अर्थव्यवस्था में भी योगदान देते हैं। उन्होंने कहा, “हम इस तरह के व्यवहार और की गई छापेमारी का विरोध करते हैं, जो इसके अलावा, भय और चिंता का कारण बनती हैं।”

