शिक्षक के अभाव में छात्रों का भविष्य अधरपर

सतना: शहर के प्रतिष्ठित गवर्नमेंट पॉलिटेक्निक कॉलेज में तकनीकी शिक्षा की व्यवस्था शिक्षकों की कमी के चलते प्रभावित हो रही है। कॉलेज में गणित और रसायन विज्ञान जैसे महत्वपूर्ण विषयों के नियमित शिक्षक नहीं हैं। नतीजतन, इन विषयों की पढ़ाई नियमित कक्षाओं के बजाय बाहरी विशेषज्ञों के भरोसे चल रही है। स्थिति यह है कि छात्रों को सप्ताह में महज 2 से 3 घंटे ही इन विषयों की कक्षाएं मिल पा रही हैं। ऐसे में पाठ्यक्रम समय पर पूरा होने और विषयों की बुनियादी समझ विकसित होने पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, कॉलेज में गणित के शिक्षक का पद पिछले करीब दो वर्षों से खाली है, जबकि रसायन विज्ञान के शिक्षक का पद भी पिछले 2 से 3 महीनों से रिक्त पड़ा है। इन विषयों की नियमित पढ़ाई प्रभावित होने के बाद कॉलेज प्रबंधन ने वैकल्पिक व्यवस्था के तहत बाहरी विशेषज्ञों को बुलाना शुरू किया है। विशेषज्ञ सप्ताह में किसी एक दिन आकर करीब 3 से 4 घंटे की विशेष कक्षाएं लेते हैं। हालांकि, इतनी सीमित अवधि में पूरे पाठ्यक्रम को व्यवस्थित तरीके से पढ़ाना और छात्रों की शंकाओं का समाधान करना चुनौतीपूर्ण है।

22 फैकल्टी में 11 अतिथि शिक्षक

कॉलेज में कुल 22 फैकल्टी कार्यरत हैं, जिनमें 11 नियमित और 11 अतिथि शिक्षक शामिल हैं। इसके बावजूद महत्वपूर्ण विषयों के रिक्त पदों के कारण शैक्षणिक व्यवस्था प्रभावित हो रही है। तकनीकी शिक्षा में गणित और रसायन विज्ञान जैसे विषयों की नियमित कक्षाएं बेहद जरूरी हैं, क्योंकि इनका सीधा संबंध छात्रों की आगे की पढ़ाई और तकनीकी समझ से है। ऐसे में स्थायी शिक्षकों की नियुक्ति नहीं होने से विद्यार्थियों को नुकसान उठाना पड़ सकता है। अब सवाल यह है कि तकनीकी शिक्षा देने वाले संस्थान में शिक्षकों की कमी कब दूर होगी और छात्रों को नियमित पढ़ाई की सुविधा कब मिलेगी।
इनका कहना है

कॉलेज के प्राचार्य एम.एन. मिश्रा ने बताया कि संस्थान में कुल 22 शिक्षक कार्यरत हैं, जिनमें 11 नियमित और 11 अतिथि शिक्षक शामिल हैं। गणित विषय के शिक्षक का पद करीब दो वर्षों से रिक्त है, जबकि रसायन विज्ञान के शिक्षक का पद पिछले दो महीने से खाली है। उन्होंने कहा कि शिक्षकों के पद रिक्त होने के बावजूद कॉलेज में कक्षाएं नियमित रूप से संचालित की जा रही हैं।

Next Post

बाजार सजकर तैयार, अच्छे कारोबार की उम्मीद में बैठे दुकानदार

Wed Nov 4 , 2026
रीवा:धनतेरस एवं दीपावली को लेकर बाजार सजकर तैयार हो गये है. बाजार में इस समय रौनक देखने को मिल रही है, साथ ही भीड़ भी दिखने लगी है. लेकिन अभी खरीददारी कम हो रही है. अच्छे कारोबार के उम्मीद में व्यापारी बैठे है और ग्राहको को लुभाने के लिये कई […]

You May Like