तेहरान, 27 जून (वार्ता) ईरान ने अपने समृद्ध यूरेनियम भंडार को 22 जून के अमेरिकी हवाई हमलों से पहले फोर्डो केन्द्र से स्थानांतरित कर दिया था। यह जानकारी फाइनेंशियल टाइम्स ने शुक्रवार को यूरोपीय अधिकारियों द्वारा साझा किए गए प्रारंभिक खुफिया आकलन के आधार पर दी।
ईरान इंटरनेशनल के अनुसार, अगर इस कदम की पुष्टि हो गयी तो इसका मतलब होगा कि ईरान का 60% शुद्धता वाला समृद्ध यूरेनियम का 408 किलोग्राम का अधिकांश भंडार सुरक्षित है। हांलाकि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने दावा किया है कि अमेरिकी हमलों ने ईरान के परमाणु कार्यक्रम को नष्ट कर दिया है।
फाइनेंशियल टाइम्स ने यूरोपीय संघ अधिकारियों के हवाले से कहा कि जिस समय हमला हुआ उस समय ईरान का भंडार संभवतः कई स्थलों पर वितरित था और फोर्डो में केंद्रित नहीं था। एक प्रारंभिक खुफिया रिपोर्ट में बताया गया कि क़ोम के निकट भूमिगत फ़ोर्डो सुविधा में व्यापक क्षति हुई है, लेकिन पूरा विध्वंस नहीं हुआ।
ईयू के अधिकारियों ने कहा कि अमेरिका ने ईरान की परमाणु क्षमताओं की वर्तमान स्थिति के बारे में यूरोपीय सहयोगियों को निश्चित खुफिया जानकारी नहीं दी है और अमेरिका की भावी कूटनीतिक दिशा अभी भी अस्पष्ट है।
यूरोपीय मंत्रियों और ईरानी अधिकारियों के बीच हमलों के ठीक पहले बातचीत हुई थी लेकिन उसके बाद की कूटनीतिक पहल रुक गई है।
इजरायली खुफिया अधिकारियों ने पहले कहा था कि ईरान का उच्च-संवर्धित यूरेनियम भंडार इजरायल और अमेरिका के साथ 12 दिनों के संघर्ष के दौरान हुए हमलों के कारण जमीन के नीचे दब गया है और संभवतः यह अभी भी वहीं है लेकिन इसे स्थानांतरित करना संभव नहीं होगा क्योंकि तेल अवीव और वाशिंगटन पुनः प्राप्त करने के किसी भी प्रयास की पहचान कर लेंगे।
