भोपाल: राजधानी भोपाल में सोमवार को नारी शक्ति वंदन अधिनियम संशोधन प्रस्ताव को संसद में पारित नहीं होने देने के विरोध में जन आक्रोश महिला पदयात्रा का आयोजन किया गया। एमवीएम कॉलेज ग्राउंड से शुरू हुई यह पदयात्रा रोशनपुरा चौराहा तक पहुंची, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की।पदयात्रा में मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खंडेलवाल भी शामिल हुए। उन्होंने मार्ग में कार्यकर्ताओं और महिलाओं का उत्साह बढ़ाया। बाद में सभा को संबोधित करते हुए नारी सम्मान और अधिकारों के संरक्षण का संकल्प दोहराया।
इस अवसर पर प्रदेश प्रवक्ता एवं पूर्व मंत्री अर्चना चिटनीस, सांसद लता वानखेड़े, सांसद कविता पाटीदार, महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष अश्विनी परांजपे और कवयित्री अनामिका अम्बर सहित कई नेताओं ने पदयात्रा को संबोधित किया। वक्ताओं ने कहा कि महिलाओं के अधिकारों के मुद्दे पर यह पदयात्रा जनभावनाओं की अभिव्यक्ति है।पदयात्रा में प्रदेश सरकार के कई मंत्री, जनप्रतिनिधि और पार्टी पदाधिकारी भी शामिल हुए। महापौर मालती राय, विधायक भगवानदास सबनानी समेत प्रदेशभर से आई महिलाओं की भारी भागीदारी ने इस आयोजन को एक व्यापक जनआंदोलन का रूप दे दिया।
