बर्दवान, (वार्ता) बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवात ‘अकवान’ के कारण हुई भारी बारिश और तेज हवाओं ने पश्चिम बंगाल के पूर्व बर्दवान जिले के कई प्रखंडों में खड़ी फसलों को जलमग्न कर दिया, जिससे फसल कटाई के चरम मौसम में भारी कृषि नुकसान की चिंता बढ़ गई है।
पश्चिम बंगाल के ‘चावल के कटोरे’ के रूप में जाने जाने वाले पूर्व बर्दवान में लगभग 3.80 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में अमन धान की खेती होती है और यहां सालाना लगभग 7.6 लाख टन चावल की पैदावार होती है। लगभग 80 प्रतिशत फसल पकने के करीब होने के कारण इस बेमौसम बारिश ने किसानों को बड़ा झटका दिया है। पूर्व बर्दवान जिला परिषद के सभाधिपति श्यामप्रसन्न लोहार ने कहा कि अधिकारी नुकसान का आकलन कर रहे हैं, लेकिन कई प्रखंडों के खेतों में लगातार बारिश और जलभराव के कारण अभी तक विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत नहीं की जा सकी है।
कृषि विभाग के प्रारंभिक आकलन में 47 पंचायतों और 368 मौजा में लगभग 2,000 हेक्टेयर क्षेत्र में फसलों को आंशिक नुकसान होने का संकेत मिला है। प्रभावित फसलों में 1,800 हेक्टेयर खरीफ फसलें, 65 हेक्टेयर आलू, 20 हेक्टेयर सरसों और पांच हेक्टेयर तिल शामिल हैं। कृषि विशेषज्ञों के अनुसार, अमन धान को लगभग 5 से 10 सेंटीमीटर खड़े पानी की आवश्यकता होती है, लेकिन लंबे समय तक जलभराव फसल को नुकसान पहुंचा सकता है। 50 सेंटीमीटर से अधिक जलस्तर होने से जड़ें सड़ सकती हैं, कल्ले फूटने की प्रक्रिया में रूकावट हो सकती है और दाने अविकसित रह सकते हैं, जिसे किसान ‘चिटा धान’ कहते हैं।
चिनसुरा स्थित चावल अनुसंधान केंद्र के वरिष्ठ चावल वैज्ञानिक डॉ. बिजोन अधिकारी ने कहा कि धान की कुछ किस्में लंबे समय तक जलभराव के प्रति विशेष रूप से संवेदनशील होती हैं।
कृषि विभाग ने चक्रवात से पहले एक परामर्श जारी कर किसानों से आग्रह किया था कि वे कम से कम 80 प्रतिशत पक चुकी धान की फसल काट लें, आलू की बुवाई स्थगित कर दें, तैयार सब्जियों की तुड़ाई कर लें और खेतों से अतिरिक्त पानी निकाल दें। हालांकि, गलसी, रैना, खंडाघोष, जमालपुर, मेमारी, कालना और औसग्राम सहित प्रमुख कृषि प्रखंडों के किसानों ने कहा कि लगातार बारिश के कारण वे इन निर्देशों का पालन नहीं कर सके।
दामोदर, भागीरथी और अजय नदियों से सिंचित तथा मैथन, पंचेत और दुर्गापुर बैराज की सिंचाई नहरों से पोषित पूर्व बर्दवान के उपजाऊ मैदान राज्य के चावल उत्पादन में महत्वपूर्ण हिस्सा रखते हैं। अंतिम नुकसान का पैमाना इस बात पर निर्भर करेगा कि खेत कितने समय तक जलमग्न रहते हैं और खड़ी फसल को कितना नुकसान पहुंचता है। प्रारंभिक आकलन में अभी किसानों पर पड़ने वाले पूर्ण प्रभाव का पता लगाया जाना बाकी है।
