
रीवा, रीवा शहर के अमाहिया थाना क्षेत्र अंतर्गत पीके स्कूल के समीप उर्रहट में जमीनी विवाद को लेकर पड़ोसी गुप्ता परिवार द्वारा एक परिवार के साथ बेरहमी से मारपीट करने का मामला सामने आया है. इस घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है. पीडि़त परिवार का आरोप है कि थाने में शिकायत दर्ज कराने के बावजूद पुलिस द्वारा अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है. जिससे परेशान होकर आज पीडि़त परिवार न्याय की गुहार लगाने रीवा पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचा.
घटना के संबंध में जानकारी देते हुए फरियादी विनोद सेन ने बताया कि उनके पड़ोस में रहने वाले गुप्ता परिवार द्वारा अपने पुराने घर को गिराकर नए सिरे से निर्माण कार्य कराया जा रहा है. आरोप है कि इस निर्माण की आड़ में गुप्ता परिवार ने विनोद सेन की जमीन के कुछ हिस्से पर अवैध रूप से कब्जा कर लिया है. जब पीडि़त परिवार मौके पर चल रहे निर्माण कार्य को देखने और अपनी जमीन का हिस्सा दबाए जाने का विरोध करने गया, तभी पड़ोसी गुप्ता परिवार के लोगों ने उन पर लाठी-डंडों और पत्थरों से हमला कर दिया. पीडि़त विनोद सेन के मुताबिक आरोपियों ने सबसे पहले उनकी बड़ी बेटी के साथ मारपीट की और बाद मे छोटी बेटी पर भी हमला कर दिया. पीडि़त विनोद सेन की बेटी अंजलि सेन ने बताया कि आरोपियों ने उस पर ईंट से ताबड़तोड़ हमला किया, जिससे उसके सिर और आंख में गंभीर चोटें आई हैं. फिलहाल इस पूरी वारदात का वीडियो वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने अपने मोबाइल में कैद कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. वीडियो में साफ तौर पर मारपीट की घटना देखी जा सकती है. इसके बावजूद पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं.
