कोझिकोड, 10 दिसंबर (वार्ता) केरल स्थानीय निकाय चुनावों का दूसरा चरण 11 दिसंबर को होगा, जिसमें सात उत्तरी और मध्य ज़िलों में सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान किया जाएगा।
गौरतलब है कि इस चरण में त्रिशूर, पलक्कड़, मलप्पुरम, कोझिकोड, वायनाड, कन्नूर और कासरगोड जिलों में कुल 604 स्थानीय निकायों के लिए चुनाव होने वाला है। इन स्थानीय निकायों में 470 ग्राम पंचायतें, 77 ब्लॉक पंचायतें, 7 ज़िला पंचायतें, 47 नगर पालिकाएँ और 3 नगर निगम शामिल हैं। मतदाता पंचायतों, नगर पालिकाओं और निगमों के 12,391 वार्डों में प्रतिनिधियों का चुनाव करेंगे।
इस चरण के लिए मतदाता सूची में 1,53,37,176 मतदाता शामिल हैं। इनमें 72,46,269 पुरुष, 80,90,746 महिलाएँ और 161 ट्रांसजेंडर मतदाता हैं। सूची में 3,293 प्रवासी मतदाता भी शामिल हैं।
इस दौर में कुल 38,994 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं, जिनमें 18,974 पुरुष और 20,020 महिलाएँ हैं। सबसे अधिक उम्मीदवार ग्राम पंचायत वार्डों (28,274) में हैं, इसके बाद नगर पालिकाओं (5,546), ब्लॉक पंचायतों (3,742), निगमों (751), और ज़िला पंचायतों (681) में हैं।
मतदान के सुचारु संचालन के लिए 18,274 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। जिनमें से 2,055 बूथों को संवेदनशील चिह्नित किया गया है।
