भोपाल, 27 जून (वार्ता) मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने राज्य में बाढ़ और अतिवर्षा की स्थितियों को देखते हुए अधिकारियों से चर्चा कर उन्हें दिशा-निर्देश दिए।
डॉ यादव ने कल देर शाम वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग द्वारा सभी जिलों के कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक व वरिष्ठ अधिकारियों को प्रदेश की कानून व्यवस्था, बाढ़ नियंत्रण और खाद-बीज वितरण को लेकर दिशा- निर्देश दिए।
उन्होंने वर्षाकाल में जलभराव, खाद-उर्वरक की आपूर्ति, त्योहारों विशेषकर श्रावण मास में ओंकारेश्वर, उज्जैन व मंदसौर में कांवड़ यात्रियों की सुविधा के समुचित प्रबंध, सड़क पर विचरण करने वाली गायों को गौशालाओं में पहुंचाने एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर भी निर्देशित किया।
मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन के अधिकारियों को कहा कि जिला स्तर के कर्मचारियों की पदोन्नति 31 जुलाई तक पूरी करें। विद्यालयों में पाठ्यपुस्तकों की आपूर्ति समय पर सुनिश्चित करें, छात्रों को विशेष दुकान से सामग्री लेने के लिए बाध्य करने वालों पर कार्रवाई करें।
