36 प्रकरणों में 52 आरोपी जेल, 20 करोड़ से ज्यादा के फ्रॉड का खुलासा

इंदौर: फर्जी सिमकार्ड और म्यूल बैंक खातों के जरिए देशभर में हुए साइबर फ्रॉड की जांच में इंदौर पुलिस ने बड़ा नेटवर्क पकड़ा है. ऑपरेशन मैट्रिक्स और फॉस्ट के तहत पुलिस ने अब तक 36 प्रकरण दर्ज कर 52 आरोपियों को जेल भेज दिया है. जांच में इन खातों और सिमकार्ड के जरिए 20 करोड़ रुपए से ज्यादा की ठगी की रकम का लेनदेन सामने आया है.
एनसीआरपी पोर्टल पर दर्ज साइबर फ्रॉड की शिकायतों में इस्तेमाल हुए खातों और सिमकार्ड की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने संबंधित लोगों की पड़ताल शुरू की थी. क्राइम ब्रांच ने 8 मामले दर्ज किए, जबकि अलग-अलग थानों में 26 प्रकरण दर्ज हुए. कुछ अन्य म्यूल खातों और फर्जी सिमकार्ड से जुड़े मामलों की जांच अभी चल रही है. जांच में सामने आया कि साइबर ठग टेलीग्राम और ऐप के जरिए ऐसे बैंक खाते और सिमकार्ड जुटाते हैं. ठगी की रकम म्यूल खातों में आने के बाद उसे क्रिप्टोकरेंसी के जरिए विदेश भेजा जाता है. खाता उपलब्ध कराने वालों से एटीएम कार्ड, पासबुक, चेकबुक और अन्य बैंकिंग दस्तावेज भी लिए जाते हैं. इस पूरे सेट को साइबर ठग ‘किट’ के रूप में इस्तेमाल करते हैं. क्राइम ब्रांच के दो मामलों में ऐसी किट चीन की कंपनी को बेचने की जानकारी भी सामने आई है. एडीसीपी क्राइम राजेश दंडोतिया ने नव भारत को बताया कि म्यूल खातों और फर्जी सिमकार्ड के जरिए हुए 20 करोड़ रुपए से अधिक के फ्रॉड के मामलों में अब तक 52 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है. अन्य मामलों की भी जांच की जा रही है.

कमीशन के लालच में खाते देने वालों पर भी कार्रवाई…
पुलिस की जांच में यह भी सामने आया कि कुछ छात्र और छोटे लोग कमीशन के लालच में अपने बैंक खाते और सिमकार्ड उपलब्ध करा रहे थे. पुलिस ने लोगों को आगाह किया है कि किसी को खाता, सिम या बैंकिंग दस्तावेज देने पर उनका इस्तेमाल साइबर अपराध में होने की स्थिति में वे भी आरोपी बन सकते हैं

Next Post

चार नेत्र चिकित्सालयों को सीजीएचएस पैनल से न हटाएं: हाईकोर्ट

Tue Sep 15 , 2026
जबलपुर: मप्र हाईकोर्ट से पूर्ण एनएबीएच मान्यता नहीं होने के आधार पर सीजीएचएस पैनल से हटाए जाने की कार्रवाई के खिलाफ जबलपुर के चार नेत्र अस्पतालों को अंतरिम राहत मिली है। हाई कोर्ट ने अगली सुनवाई तक इन अस्पतालों को पूर्ण एनएबीएच मान्यता की शर्त पूरी नहीं करने के आधार […]

You May Like