
छिंदवाड़ा। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित कर्बला चौक पर शुक्रवार देर शाम एक ही समुदाय के दो पक्षों के बीच पुराना विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के दर्जनों लोग आमने-सामने आ गए और लाठी-डंडों तथा नुकीले हथियारों से हमला कर दिया। घटना में पांच लोग घायल हुए हैं, जिनमें दो की हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार क्षेत्र निवासी जैनुल खान और मोहिद लाला के बीच लंबे समय से विवाद चला आ रहा था। शुक्रवार शाम इसी विवाद को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हुई, जो कुछ ही देर में हिंसक झड़प में बदल गई। आरोप है कि एक पक्ष के लोग दूसरे पक्ष के घर में घुस गए और वहां भी जमकर मारपीट की। नुकीले हथियारों से हुए हमले में कई लोगों को गंभीर चोटें आईं। घटना में कम्मू शेख और जैनुल खान के सिर में गंभीर चोटें आई हैं। अत्यधिक रक्तस्राव होने के कारण दोनों को जिला अस्पताल के आईसीयू में भर्ती किया गया है। अन्य तीन घायलों का अस्पताल में उपचार जारी है। सूचना मिलते ही कोतवाली थाना प्रभारी आशीष कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित कर हालात पर काबू पाया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। मुख्य आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ के बाद जैनुल खान, मोहिद खान और विक्की खान सहित अन्य पर बैधानिक कार्रवाई की गई है। आरोपियों से पूछताछ की जा रही है तथा सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। एहतियातन कर्बला चैक क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर लगातार गश्त की जा रही है।
