अशोकनगर: नई सराय तहसील के ग्राम भैंसा में स्थित प्राचीन काली माता मंदिर में स्थापित करीब दो फीट ऊंची मूर्ति को उखाड़कर बाहर फेंकने का मामला सामने आया है। इस घटना के बाद से गांव में तनाव की स्थिति निर्मित हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।ग्रामीणों के अनुसार बीती रात धर्म सिंह केवट ने मंदिर से काली माता की मूर्ति को उखाड़कर फेंक दिया और विरोध करने पर ग्रामीणों के साथ गाली-गलौज की। इस
दौरान उसका चाचा गुड्डा केवट धारदार कुल्हाड़ी लेकर ग्रामीणों को धमकाने और मारपीट पर उतारू हो गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है और वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
अवैध शराब पर रोक लगाने सौंपा आवेदन
इस घटना को लेकर ग्रामीणों और हिंदू संगठनों में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में तेजी से बढ़ रही अवैध शराब की बिक्री के कारण ऐसी घटनाओं को बढ़ावा मिल रहा है। वहीं मामले को लेकर विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने ग्रामीणों के साथ पुलिस को आवेदन सौंपकर मंदिर परिसर की सुरक्षा सुनिक्षित की जाने, गांव में संचालित अवैध शराब के कारोबार पर तुरंत पूर्ण प्रतिबंध लगाने और दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की गई।
