जबलपुर: रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय एक बार फिर से लापरवाही के कारण सुर्खियों में आया है। इस बार मामला पहले परीक्षा फिर मूल्यांकन और फिर टाइम टेबल बनाने में बरती गई लापरवाही से जुड़ा है। वह भी इस तरह की पेपर में अंतर दिन, महीने का नहीं बल्कि 4 साल का अंतर….जानकारी के अनुसार बीएड की परीक्षा दो जून को शुरू होगी। पहला पेपर के बाद दूसरा पेपर प्रशासन ने चार साल बाद 2029 में तय किया है। यह सिर्फ एक परीक्षा में नहीं है बल्कि बीएड की द्वितीय और चतुर्थ सेमेस्टर की परीक्षा के कार्यक्रम में हुआ है। परीक्षा की तारीख देखकर कालेज और विद्यार्थी दोनों हैरान हैं कि आखिर परीक्षा कब होगी? कई तो इसे लापरवाही मानकर विश्वविद्यालय प्रशासन का मजाक भी बना रहे हैं।
ये है मामला…
रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय ने 15 मई को बीएड, बीएड साइंस चतुर्थ सेमेस्टर परीक्षा का कार्यक्रम जारी किया। पहला पेपर 2 जून को तय किया गया। इसके बाद दूसरा पेपर चार जून 2029 को को रखा गया। इसके बाद तीसरा पेपर 6 जून 2025 को वापस आयोजित कर दिया। इस तरह से तारीखों के हेरफेर में विद्यार्थी असमंजस में आ गए हैं। लापरवाही सिर्फ इसी समय सारणी को बनाने में नहीं हुई है। इसके अलावा बीएड द्वितीय सेमेस्टर की परीक्षा में पहला पेपर तीन जून 2025 को होगा। इसके बाद दूसरा पेपर पांच जून 2029 को आयोजित किया गया है। तीसरा पेपर प्रशासन ने 10 जून 2025 को वापस तय किया है।
