कोलम्बो, 11 फरवरी (वार्ता) नाथन एलिस और एडम जम्पा (4-4 विकेट) की घातक गेंदबाजी की बदौलत ऑस्ट्रेलिया ने आयरलैंड को बुधवार को एकतरफा अंदाज में 67 रन से पीटकर टी 20 विश्व कप में अपने अभियान की शानदार शुरुआत की। ऑस्ट्रेलिया ने छह विकेट पर 182 रन बनाने के बाद आयरलैंड को 16.5 ओवर में 115 रन पर समेट दिया। 12 रन पर चार विकेट लेने वाले एलिस को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ का पुरस्कार मिला।
मैच से पहले ही कप्तान मिचेल मार्श के चोटिल हो जाने के कारण ऑस्ट्रेलिया के पास प्लेइंग 11 चुनने के लिए केवल 12 खिलाड़ी ही मौजूद थे। इसके बावजूद उन्होंने आयरलैंड को 67 रन से हराते हुए अपने टी20 विश्व कप अभियान की शुरुआत बेहतरीन तरीक़े से की है। बल्ले से उन्होंने पहले दिखाया कि वे केवल छक्के मारना ही नहीं जानते और फिर गेंदबाज़ी से तो उन्होंने कमाल ही कर दिया। नेथन एलिस ने केवल 12 रन देकर चार विकेट लिए और अपने करियर का बेस्ट प्रदर्शन किया तो वहीं एडम जम्पा ने भी चार विकेट अपने नाम किए।
पहले बल्लेबाज़ी करते हुए ऑस्ट्रेलिया ने सातवीं गेंद पर ही ट्रैविड हेड का विकेट गंवा दिया जो रन आउट हुए। इसके बाद जॉश इंगलिस ने आक्रमण किया और कैमरन ग्रीन (21) के साथ 23 गेंदों में 49 रन जोड़े। 17 गेंदों में 37 रन बनाकर इंगलिस सातवें ओवर में स्पिनर जॉर्ज डॉकरेल का शिकार बने। इसके बाद ग्लेन मैक्सवेल भी केवल नौ रन बनाकर आउट हुए। 88 के स्कोर पर चार विकेट गिरने के बाद ऑस्ट्रेलिया को साझेदारी की जरूरत थी।
रेनशॉ और स्टॉयनिस के बीच पांचवें विकेट के लिए 38 गेंदों में 50 रनों की साझेदारी पूरी हुई थी। 16 ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 142 रन हो चुका था। रेनशॉ और स्टॉयनिस दोनों ही इस समय 30 से अधिक रन बना चुके थे। रेनशॉ 37 और स्टॉयनिस 45 रन बनाकर आउट हुए क्योंकि दोनों ही तेज़ी से रन बनाने की कोशिश कर रहे थे। अंतिम चार ओवर में ऑस्ट्रेलिया केवल 40 रन ही बना सकी। कॉनली और बार्टलेट ने 13 गेंदों में 23 रन जोड़ते हुए टीम को 180 के पार पहुंचाया। ऑस्ट्रेलिया की पारी में 35 डॉट बॉल रहे।
पहली गेंद पर ही आयरलैंड के कप्तान पॉल स्टर्लिंग हैमस्ट्रिंग की समस्या के कारण बाहर चले गए। इसके बाद रॉस अडेयर ने तीसरी गेंद पर चौका और चौथी पर छक्का लगाया। पहले ओवर से आयरलैंड ने 12 रन निकाले और उनकी शुरुआत अच्छी दिख रही थी। दूसरे ओवर में ही कुनमन के रूप में स्पिनर को बुलाया गया और दूसरी ही गेंद पर रेनशॉ ने एक बेहद आसान सा कैच गिरा दिया। हालांकि, इसका अधिक खामियाजा उन्हें भुगतना नहीं पड़ा क्योंकि आख़िरी गेंद पर कुनमन ने हैरी टेक्टर को खाता खोले बिना ही पवेलियन लौटा दिया।
तीसरे ओवर में एलिस ने पहली तीन गेंदों पर दो विकेट निकाले। पांचवें ओवर की पहली गेंद पर एलिस ने एक और विकेट लिया। इस तरह 27 के स्कोर पर ही आयरलैंड ने चार विकेट गंवा दिए थे और उनके कप्तान रिटायर हर्ट होकर बाहर बैठे थे। पावरप्ले का अंत डेलानी ने चौके और छक्के के साथ किया जिससे पहले छह ओवर में आयरलैंड ने चार विकेट के नुक़सान पर 40 रन बना लिए थे।
ज़म्पा सातवां ओवर लेकर आए और अपनी पांचवीं गेंद पर विकेट हासिल किया। ऑस्ट्रेलिया के स्पिनर्स ने आयरलैंड के बल्लेबाज़ों पर शिकंजा कस दिया और आठ से लेकर 12 ओवर में केवल 37 रन आए। 12 ओवर के बाद आयरलैंड का स्कोर 80/5 था। यहां मैच आयरलैंड के हाथ से निकल चुका था, लेकिन डॉकरेल एक छोर से लगातार संघर्ष कर रहे थे। डॉकरेल ने 29 गेंदों में 41 रन बनाए और उनकी पारी में तीन चौकों के साथ दो छक्के शामिल रहे।
ज़म्पा ने उन्हें स्टंपिंग आउट कराया। उन्होंने टकर के साथ 41 गेंदों में 46 और फिर अडेयर के साथ 10 गेंदों में 21 रनों की साझेदारी की थी। ज़म्पा ने अपने आख़िरी ओवर में दो विकेट निकाले। 17वें ओवर की पांचवीं गेंद पर अपने चौथे विकेट के साथ एलिस ने पारी को समाप्त किया और ऑस्ट्रेलिया को बड़ी जीत दिलाई।
