खंडवा: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खंडेलवाल ने खंडवा में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा की असली ताकत उसकी विचारधारा, संगठनात्मक अनुशासन और समर्पित कार्यकर्ता हैं। पार्टी ने जनसंघ के समय से अपनी वैचारिक प्रतिबद्धता को अक्षुण्ण बनाए रखा है। रविवार को संगठन को मजबूती देने और कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार करने के उद्देश्य से प्रदेश अध्यक्ष श्री खंडेलवाल खंडवा प्रवास पर पहुंचे। जिले में प्रवेश के दौरान देशगांव और छैगांव माखन सहित शहर में 15 से अधिक स्थानों पर भाजपा पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और हजारों कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों के साथ उनका भव्य स्वागत किया। 2 घंटे विलंब के बावजूद कार्यकर्ताओं का जोश और उत्साह देखते ही बन रहा था।
ओंकारेश्वर और दादाजी की पवित्र भूमि को किया नमन
मंच से कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए श्री खंडेलवाल ने कहा कि खंडवा की यह भूमि अत्यंत प्राचीन और पवित्र है। माँ नर्मदा के तट पर साक्षात ओंकारेश्वर भोलेनाथ विराजमान हैं, यह दादाजी धाम की पवित्र भूमि है, संत सिंगाजी, कर्मवीर माखनलाल चतुर्वेदी एवं स्वर सम्राट किशोर कुमार की नगरी है। वीर टंट्या मामा ने इसी जिले में जन्म लेकर अंग्रेजों के छक्के छुड़ाए थे।उन्होंने कहा कि हमारे वरिष्ठ महापुरुष कुशाभाऊ ठाकरे ने इस संसदीय क्षेत्र से चुनाव लडक़र विजय श्री हासिल की थी और आप सभी कार्यकर्ताओं की बदौलत यह जिला पूरी तरह भाजपा का गढ़ बन चुका है। इस जिले में बड़ी संख्या में लोकतंत्र सेनानी हैं जिन्होंने आपातकाल में जेल यातनाएं सही हैं। उन्होंने कहा कि मैं पड़ोसी जिले से ही आता हूँ और बैतूल संसदीय क्षेत्र के चुनाव का संचालन लगातार करता रहा हूँ।
बैठकों में भरी हुंकार, कांग्रेस पर साधा निशाना
खंडवा पहुंचने पर प्रदेश अध्यक्ष ने बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर और पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसके बाद किशोर सभागृह में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन और जिला कोर समिति की बैठक में कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया।कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपनी मूल वैचारिक पहचान खो चुकी है और एक परिवार तक सिमट कर रह गई है, जबकि भाजपा की पहचान किसी परिवार से नहीं, बल्कि उसकी विचारधारा और राष्ट्रसेवा के संकल्प से है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आवास योजना, उज्ज्वला योजना, जल जीवन मिशन और आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं से अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंच रहा है। कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाएं।
दादाजी धाम में दर्शन, छोटे कार्यकर्ता के घर भोजन
संगठनात्मक बैठकों के बाद प्रदेश अध्यक्ष दादाजी धाम पहुंचे। यहाँ उन्होंने बड़े दादाजी और छोटे दादाजी के चरणों में नमन कर चादर चढ़ाई और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना करते हुए धूनी में आहुति दी। इसके बाद उन्होंने बूथ क्रमांक 222 के अध्यक्ष हिमांशु राज के निवास पर पहुंचकर परिजनों से आत्मीय मुलाकात की और भोजन ग्रहण किया, जो बूथ स्तर के छोटे से कार्यकर्ता के सम्मान का बड़ा संदेश बन गया। रात्रि 11 बजे वे सचखंड एक्सप्रेस से भोपाल के लिए रवाना हुए।
