अभिषेक को मिली अस्पताल से छुट्टी, खेलने पर गुरुवार को होगा फ़ैसला

नयी दिल्ली, 11 फरवरी (वार्ता) गुरुवार को दिल्ली में नामीबिया के ख़िलाफ भारत के दूसरे ग्रुप मुक़ाबले में अभिषेक शर्मा के खेलने पर भारतीय टीम प्रबंधन मैच से पहले फ़ैसला लेगा। भारतीय बल्लेबाज़ तिलक वर्मा ने मैच की पूर्व संध्या पर प्रेस कॉन्फ़्रेंस में बताया कि अभिषेक को अस्पताल से छुट्टी मिल गई है।

तिलक ने कहा, “अभिषेक को अस्पताल से छुट्टी मिल गई है। उनके पेट में समस्या थी इसलिए वह अस्पताल में भर्ती थे। हम आज उनकी स्थिति देखने के बाद यह फ़ैसला कल लेंगे कि वह खेलेंगे या नहीं। हमारे पास निर्णय लेने के लिए अभी एक दिन और है।”

अभिषेक को पेट में संक्रमण के चलते दिल्ली के निजी असप्ताल में भर्ती कराया गया था। मंगलवार को भारत के सहायक कोच रायन टेन डेशकाटे ने कहा था, “अभि (अभिषेक) के पेट में अभी भी कुछ समस्या है, लेकिन हमें उम्मीद है कि वह ठीक होकर इस मैच के लिए तैयार रहेंगे।”

अभिषेक शर्मा टी20 विश्व कप के अपने पहले मुक़ाबले में खाता नहीं खोल पाए थे और पहली ही गेंद पर आउट हो गए थे। इसके बाद अभिषेक फ़ील्डिंग करने नहीं आए थे। भारतीय तेज गेंदबाज़ जसप्रीत बुमराह भी अस्वस्थ होने के चलते अमेरिका के ख़िलाफ़ मुक़ाबला नहीं खेल पाए थे।

हालांकि बुमराह ने मंगलवार को अभ्यास सत्र में हिस्सा लिया और उन्होंने भरपूर गेंदबाज़ी भी की। वहीं वॉशिंगटन सुंदर भी भारतीय दल के साथ जुड़ गए हैं। अभिषेक अगर नामीबिया के ख़िलाफ़ मुक़ाबला नहीं खेलते हैं तो उनकी जगह पर संजू सैमसन, इशान किशन के साथ पारी की शुरुआत करते नजर आ सकते हैं।

 

 

Next Post

रुपया 22 पैसे कमजोर

Wed Feb 11 , 2026
मुंबई, 11 फरवरी (वार्ता) अंतरबैंकिंग मुद्रा बाजार में रुपया बुधवार को 22 पैसे कमजोर हुआ और कारोबार की समाप्ति पर एक डॉलर 90.78 रुपये का बोला गया। भारतीय मुद्रा पिछले कारोबारी दिवस पर 10 पैसे की मजबूती के साथ 90.56 रुपये प्रति डॉलर पर बंद हुई थी। रुपया आज 90.56 […]

You May Like