
जबलपुर। संभागायुक्त धनंजय सिंह ने अचानक कलेक्टर राहुल नामदेव धोटे के साथ मंडला जिले के बिछिया विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत चरगांव और मांगा का सघन भ्रमण कर विभिन्न शासकीय योजनाओं और सेवाओं के जमीनी क्रियान्वयन का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय ग्रामीणों से चर्चा कर उन्हें मिल रही योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी ली।
सीएम हेल्पलाइन के लंबित नामांतरण प्रकरणों की समीक्षा के दौरान एक प्रकरण में मौके पर ही आवेदक से दूरभाष पर सीधे चर्चा की, प्रकरण के समाधानपूर्ण निराकरण न होने के कारण नायाब तहसीलदार बम्हनी के द्वारा प्रकरण में की गई कार्रवाई के संबंध में एडीएम से रिपोर्ट लेने के निर्देश दिए। साथ ही लोक सेवा केंद्र के अंतर्गत अविवादित नामांतरण तथा समय पर राजस्व नकल मिलने की सेवाओं के संबंध में समीक्षा कर शैलेन्द्र चौधरी प्रशिक्षु आईएएस अधिकारी से रिपोर्ट लेने के निर्देश भी दिए। भ्रमण के दौरान संभागायुक्त ने चरगांव स्थित उचित मूल्य की दुकान का निरीक्षण करते हुए राशन वितरण व्यवस्था को परखा। इसके साथ ही उन्होंने उज्ज्वला योजना और प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों से चर्चा कर योजना के लाभ संबधी जानकारी ली। क्षेत्र में संचालित नल-जल योजना और हैंडपंपों की जानकारी लेते हुए उन्होंने विभागीय अधिकारियों को सभी पेयजल स्रोतों में नियमित क्लोरीनेशन एवं वाटर टेस्टिंग की कार्यवाही सुनिश्चित
बच्चों की शिक्षा, आहार व्यवस्था देखी-
संभागायुक्त ने स्वास्थ्य और पोषण सेवाओं के मूल्यांकन के तहत चरगांव के आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया और बच्चों से चर्चा कर उनकी शिक्षा व आहार व्यवस्था को समझा। उन्होंने जिला कार्यक्रम अधिकारी एवं सीडीपीओ,सुपरवाइजर को केंद्रों का नियमित निरीक्षण कर पंजी में निरीक्षण टीप दर्ज करने तथा बच्चों को समय पर पोषण आहार, नाश्ता एवं मध्यान भोजन गुणवत्तापूर्ण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। भ्रमण के दौरान आयुष्मान आरोग्य मंदिर के निरीक्षण में उपलब्ध दवाओं, टीकाकरण और स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा की गई।
संक्रामक रोगों की रोकथाम, उपचार के लिए तत्परता से कार्यवाही हो
बैठक में संभागायुक्त द्वारा दस्तक अभियान की विस्तृत समीक्षा कर स्वास्थ्य अधिकारियों को इसे समय सीमा में प्रभावी रूप से क्रियान्वित करने के निर्देश दिए। साथ ही वर्षा जनित संक्रामक रोगों की रोकथाम एवं उपचार के लिए तत्परता से कार्यवाही करने के निर्देश विभागीय अधिकारियों को दिये गए। समीक्षा बैठक में पशुपालन विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे सभी पशुओं का स्वास्थ्य परीक्षण कराकर आवश्यक टीकाकरण की कार्यवाही सुनिश्चित करें। बैठक में विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
