
भोपाल। कोलार क्षेत्र में एक महिला के साथ 11 लाख रूपए की ठगी की घटना हुई है. ठगों ने महिला का भरोसा जीतते हुए बड़ी घटना को अंजाम दिया. मामले की शिकायत सामने आने पर साइबर क्राइम सेल और पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार महिला आन लाइन वर्क फार्म होम की जॉब तलाश कर रही थी. इसी दौरान महिला ने अपने सोशल मीडिया पर आए एक विज्ञापन को क्लिक किया. सामने आई बेबसाइट पर दिए गए कांटेक्ट नंबर पर महिला ने संपर्क किया. ठगों ने महिला को जॉब ऑफर करते हुए पहले आसान टॅास्क दिए. इस टॅास्क को पूरा करने के एवज में महिला को दो सौ रूपए तक का भुगतान भी किया गया.
जॉब के लिए इस दौरान महिला जब पूरी तरह से तैयार हो गई, तो ठगों ने टॅास्क को कठिन करना शुरू कर दिया. कठिन टॅास्क को पूरा करना महिला के लिए मुश्किल हुआ, तब उसे ठगों ने महिला के विवरण में दिख रहे रूपए पाने के लिए बहुत कम राशि ट्रांसफर करवाई. ठगों ने महिला को इस दौरान झांसे में लेते हुए समय-समय पर 40 हजार रूपए से अधिक की राशि ट्रांस्फर करवा ली. महिला को लगा कि वह फंस चुकी है, तो उसने खुद से जॅाब को रिजेक्ट कर दिया. इस बीच महिला बैंक भी पहुंची और अपने खाते से संबंधित जानकारी ली, तो पता चला की उसके खाते में जमा की गई 11 लाख रूपए की राशि भी आनलाइन ट्रांसफर हो चुकी है.
महिला ने तुंरत ही थाने पहुंचकर पूरी घटना की जानकारी साइबर क्राइम सेल और पुलिस को दी. साइबर सेल ने आरोपियों के खिलाफ ठगी का मामला दर्ज करते हुए उनकी तलाश शुरू कर दी है.
