जबलपुर: घमापुर थाना क्षेत्र में नशे के लिए पैसे न देने पर दो युवकों ने न केवल एक ऑटो चालक को पीटा, बल्कि बीच-बचाव करने आई मां बेटी पर भी हमला कर उन्हें लहूलुहान कर दिया।
जानकारी अनुसार लालमाटी गणेश चौक निवासी श्रीमती सीमा वर्मा (36) बंगलों में काम कर अपना जीवनयापन करती हैं, रात करीब 9:30 बजे अपनी बहू पूजा और बेटी मुस्कान के साथ गंजीपुरा बाजार से घर लौट रही थीं। वे राकेश चौधरी के ऑटो में सवार थीं।
जैसे ही ऑटो सरकारी कुआं स्थित काली मंदिर के सामने पहुँचा, इलाके के दो बदमाश चिराग और आयुष ने बीच सड़क पर ऑटो रुकवा लिया। आरोपियों ने चालक राकेश चौधरी को धमकाते हुए नशा करने के लिए पैसों की मांग की। राकेश द्वारा असमर्थता जताने पर बदमाश बेरहमी से पीटने लगे। जब सीमा वर्मा और उनकी बेटी मुस्कान ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, तो नशे में धुत आरोपियों ने उन पर भी हमला बोल दिया। इस हमले में सीमा और उनकी बेटी के सिर, हाथ और चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
