शातिर चोर गिरफ्तार, उगली आधा दर्जन से अधिक चोरियां

जबलपुर: तिलवारा थाना अंतर्गत अर्नव विहार में एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए पांच लाख के जेवरात पार कर करने वाले तीन शातिर चोरों को तिलवारा पुलिस ने गिरफ्तार किया है, जिन्होंने पूछताछ में शहर के आधा दर्जन से अधिक थाना क्षेत्रों में सूने मकानों के ताले तोड़कर चोरी करना स्वीकार किया है। शातिर चोरों को जब पुलिस अर्नव विहार कॉलोनी में लेकर पहुंची, तो नजारा देखने लायक था। पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों का उसी कॉलोनी की गलियों में पैदल जुलूस निकाला जहां उन्होंने चोरी की थी। जुलूस के दौरान पुलिस की सख्ती के बीच आरोपी अपने कान पकड़कर चलते नजर आए। वे बार-बार दोहरा रहे थे कि अपराध करना पाप है, पुलिस हमारी बाप है। सरेराह तमाशा बनते देख चोरों की हेकड़ी पूरी तरह निकल चुकी थी। वे कॉलोनी वासियों के सामने हाथ जोड़कर भविष्य में दोबारा कभी अपराध न करने की कसमें भी खा रहे थे।

थाना प्रभारी बृजेश मिश्रा ने बताया कि राहुल मिश्रा (34) अर्नव विहार स्थित प्लॉट नंबर 40 में रहते हैं। राहुल 20 मार्च को अपने परिवार के साथ ऑफिस के काम से घर में ताला लगाकर सिंगरौली गए थे। चोरों ने मुख्य दरवाजे का लॉक तोड़कर अलमारी में रखे राहुल और उनकी पत्नी के सोने-चांदी के जेवरात कीमत 4 से 5 लाख रुपये पार कर दिए थे। घटनास्थल और उसके आसपास के रास्तों के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ-साथ पुराने अपराधों के तरीका-ए-वारदात का सूक्ष्म विश्लेषण किया। अन्य थानों में हुई चोरी की घटनाओं से कड़ियां जोड़ते हुए पुलिस ने सूरज उर्फ दाऊ उर्फ डऊआ गौंड (19) निवासी सहजपुर, भेड़ाघाट, विजय उर्फ नाटी (22) निवासी शारदा चौक, गढ़ा, लखनलाल उर्फ साहिल पटैल (18) निवासी दलपतपुर, भेड़ाघाट को हिरासत में लिया। कड़ी पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
रैकी के बाद देते थे वारदात को अंजाम
आरोपियों ने बताया कि गिरोह का एक अन्य साथी जो अभी फरार है पहले सूने मकानों की रैकी करता था। रात के सन्नाटे में चेहरे को कपड़े से ढंककर ये बदमाश घरों के ताले तोड़कर घुसते थे। चोरी किए गए जेवरातों और माल को ठिकाने लगाने का काम भी फरार आरोपी द्वारा किया जाता था।
इन क्षेत्रों में की चोरियां
पकड़े गए आरोपियों ने केवल तिलवारा ही नहीं, बल्कि संजीवनीनगर, पाटन, भेड़ाघाट, लार्डगंज, विजयनगर थाना क्षेत्र में भी चोरी की वारदातों का अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की वारदात में प्रयुक्त वाहन, नकद राशि और ताले तोड़ने के औजार बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी रहा है।

Next Post

शहीद प्रधान आरक्षक शिंदे के परिवार को मिला 1.10 करोड़ का संबल

Fri Mar 27 , 2026
जबलपुर: कर्तव्य पालन के दौरान अपनी जान गँवाने वाले प्रधान आरक्षक स्वर्गीय अभिषेक शिंदे के परिवार की आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए पुलिस सैलरी पैकेज के तहत भारतीय स्टेट बैंक ने 1 करोड़ 10 लाख रुपये की सहायता राशि का चेक सौंपा है।थाना लॉर्डगंज की यादव कॉलोनी चौकी में पदस्थ […]

You May Like