जबलपुर: कर्तव्य पालन के दौरान अपनी जान गँवाने वाले प्रधान आरक्षक स्वर्गीय अभिषेक शिंदे के परिवार की आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए पुलिस सैलरी पैकेज के तहत भारतीय स्टेट बैंक ने 1 करोड़ 10 लाख रुपये की सहायता राशि का चेक सौंपा है।थाना लॉर्डगंज की यादव कॉलोनी चौकी में पदस्थ प्रधान आरक्षक अभिषेक शिंदे 27 अगस्त 2025 की रात अंधमूक बायपास के पास एक आरोपी को पकड़ने के लिए घेराबंदी कर रहे थे। इसी दौरान एक तेज रफ्तार बोलेरो चालक ने लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए उन्हें टक्कर मार दी थी। घायल अभिषेक शिंदे ने मेडिकल कॉलेज में अंतिम सांस ली थी।
आज पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में एसपी सम्पत उपाध्याय की उपस्थिति में एसबीआई बैंक के अधिकारियों ने शहीद की पत्नी श्रीमती प्रियंका शिंदे को 1 करोड़ 10 लाख रुपये का चेक सुपुर्द किया। पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय ने कहा कि पुलिस विभाग अपने हर कर्मचारी और उनके परिवार के साथ चट्टान की तरह खड़ा है। अभिषेक शिंदे जैसे जांबाज साथी की कमी कभी पूरी नहीं की जा सकती, लेकिन यह आर्थिक सहायता उनके परिवार के भविष्य के लिए एक बड़ा सहारा बनेगी।
