इंदौर.:शहर और आसपास के क्षेत्रों में हुए अलग-अलग हादसों में दोपहिया वाहन सवार दो युवकों और एक महिला की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए. तेजाजी नगर क्षेत्र में बाइक के सामने अचानक श्वान आने से वाहन फिसल गया और पीछे बैठी महिला की अस्पताल में मौत हो गई. बेटमा रोड पर हुए हादसे में एक अन्य बाइक सवार युवक ने दम तोड़ दिया, जबकि संयोगितागंज क्षेत्र में तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई और उसके दो साथी घायल हो गए. उधर, लसूड़िया थाना क्षेत्र में पांच साल के मासूम की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला भी सामने आया है.
तेजाजी नगर थाना क्षेत्र में मोटरसाइकिल के सामने अचानक श्वान आ जाने से चालक को ब्रेक लगाने पड़े. इससे बाइक असंतुलित होकर सड़क पर फिसल गई और पीछे बैठी महिला गंभीर रूप से घायल हो गई. अस्पताल में उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई. मृतका शांति बाई पति फूलचंद उम्र 44 साल धार जिले के कोठवारा की रहने वाली थीं. घटना के समय वे एक रिश्तेदार के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर जा रही थीं. तेजाजी नगर क्षेत्र में अचानक श्वान सामने आने पर चालक ने उसे बचाने के लिए ब्रेक लगाए, जिससे बाइक का संतुलन बिगड़ गया. हादसे में शांति बाई सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं. उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया, पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की है.
बेटमा रोड पर हुए एक अन्य सड़क हादसे में बाइक सवार अमन पिता जीवन उम्र 19 साल, निवासी रंगवासा, देपालपुर की मौत हो गई. अमन किसी काम से जा रहा था, तभी वह सड़क हादसे का शिकार हो गया. घायल अवस्था में उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर हादसे के कारणों की जांच शुरू की है. वहीं संयोगितागंज थाना क्षेत्र में शिवाजी वाटिका चौराहे के पास देर रात तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर कार ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी. हादसे में बाइक सवार आदिल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गए. पुलिस ने बताया कि मृतक आदिल पिता अब्बास उम्र 19 साल, निवासी मथुरा मैदान, आजाद नगर था. हादसे में अल्फेज पिता रब्बान उम्र 18 साल और अल्लू उम्र 16 साल, दोनों निवासी आजाद नगर, घायल हुए हैं. प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, आदिल अपने साथियों के साथ देर रात सरवटे बस स्टैंड पर चाय पीने गया था. वहां से मोटरसाइकिल से घर लौटते समय वे शिवाजी वाटिका चौराहे के पास पहुंचे, तभी फॉर्च्यूनर कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर में आदिल की मौत हो गई, जबकि उसके दोनों साथी घायल हो गए. उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है. पुलिस ने मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है और मर्ग कायम कर फरार कार चालक की तलाश शुरू कर दी है. जबकि लसूड़िया थाना क्षेत्र के सिंगापुर ग्रीन व्यू में पांच साल के मासूम की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है. प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, मासूम को चोट लगने की बात सामने आई है, हालांकि परिजनों का कहना है कि उसकी मौत प्राकृतिक कारणों से हुई है. मौत की परिस्थितियों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है. पुलिस मामले की जांच कर मौत के कारणों का पता लगाएगी
