इंदौर: रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में चोरी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं. जीआरपी थाना इंदौर में बुधवार को मोबाइल चोरी और आभूषण चोरी के कई प्रकरण दर्ज किए, वहीं एक महिला की गुमशुदगी भी दर्ज हुई है.पुलिस के मुताबिक भंडारा निवासी मोहित कुमार गुप्ता का मोबाइल प्लेटफॉर्म नंबर 1 पर चोरी हो गया. वह भोपाल इंटरसिटी एक्सप्रेस से भोपाल जाने पहुंचे थे और मोबाइल जेब में रखा था, जो कुछ देर बाद गायब मिला.
मामले में अज्ञात आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है. एक अन्य मामले में महू निवासी आशा यादव का मोबाइल हरिद्वार उज्जैन एक्सप्रेस में यात्रा के दौरान चोरी हो गया. घटना हरिद्वार स्टेशन की होने से जीआरपी इंदौर ने शून्य पर अपराध दर्ज कर डायरी हरिद्वार भेज दी है. इसी तरह महू निवासी कंचन चौहान का करीब 5 तोला वजनी मंगलसूत्र उज्जैन इंदौर यात्रा के दौरान चोरी हो गया.
इसकी कीमत करीब 3.60 लाख रुपए बताई गई है. घटना उज्जैन क्षेत्र की होने से मामला शून्य पर दर्ज कर डायरी जीआरपी उज्जैन को भेजी गई है. जबकि बाणगंगा निवासी नरेश पटेल ने अपनी पत्नी धर्मा पटेल उम्र 36 साल के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई है. वह 15 जून को नर्मदा एक्सप्रेस से नरसिंहपुर के लिए रवाना हुई थी, लेकिन घर नहीं पहुंची. पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर महिला की तलाश शुरू कर दी है.
