इंदौर: कम कीमत पर फाइबर का माल उपलब्ध कराने का लालच देकर दो आरोपियों ने एक व्यापारी से 25 लाख रुपए ठग लिए. आरोपियों ने व्यापारी के भाई को विजयनगर स्थित होटल में नकदी लेकर बुलाया और रुपए से भरा ब्रीफकेस लेने के बाद दूसरा ब्रीफकेस थमा दिया. ट्रांसपोर्ट नगर में माल की डिलीवरी देने का झांसा देकर आरोपी फरार हो गए. बाद में ब्रीफकेस खोलने पर उसमें नकदी की जगह खाली बैग और डायरियां मिलीं.
फाइबर कंपनी के संचालक अंकुर शर्मा की 16 सितंबर को आरोपियों से मोबाइल पर बातचीत हुई थी. आरोपियों ने उन्हें सस्ते दामों पर फाइबर का माल उपलब्ध कराने का प्रस्ताव दिया. इसके बाद 10 अक्टूबर को वे इंदौर आए और अंकुर के भाई संतोष तिवारी को 25 लाख रुपए लेकर होटल वॉव क्रेसेंट के कमरा नंबर 617 में बुलाया. संतोष नकदी से भरा ब्रीफकेस लेकर पहुंचे तो आरोपियों ने उसे अपने पास रख लिया. उन्होंने एक घंटे के भीतर ट्रांसपोर्ट नगर में माल की डिलीवरी देने की बात कही और वहां भुगतान करने का भरोसा दिलाया. इसके बाद संतोष को दूसरा ब्रीफकेस थमा दिया. ब्रीफकेस खोलने पर उसमें रुपए की जगह खाली बैग और डायरियां मिलीं. आरोपियों के मोबाइल फोन बंद आने पर संतोष होटल पहुंचे, लेकिन तब तक वे फरार हो चुके थे. मामले में पुलिस ने रामचंद्र मलिक और अनिल कुमार के खिलाफ धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की है.
