इंदौर: देपालपुर के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र धन्नड़ में प्रसव केंद्र शुरू होने के दो सप्ताह बाद बुधवार को पहली डिलीवरी सफलतापूर्वक कराई गई. प्रसूता और नवजात दोनों स्वस्थ हैं. केंद्र का शुभारंभ 9 सितंबर को विधायक मनोज पटेल और कलेक्टर शिवम वर्मा ने किया था. प्रसव के दौरान अस्पताल के स्टाफ और मैदानी स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं ने सेवाएं दीं.
प्रसव केंद्र शुरू होने से धन्नड़ और आसपास के ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं को प्रसव के लिए दूसरे स्वास्थ्य केंद्रों या अस्पतालों तक जाने की जरूरत कम होगी. स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा केंद्र में प्रसव की सुविधा उपलब्ध कराने के साथ गर्भवती महिलाओं की नियमित देखभाल और जरूरी स्वास्थ्य सेवाएं देने पर भी जोर दिया जा रहा है. पहले प्रसव की सफलता के बाद स्वास्थ्य विभाग ने अस्पताल के स्टाफ और मैदानी कार्यकर्ताओं के प्रयासों की सराहना की है. विभाग का कहना है कि ग्रामीण क्षेत्र में प्रसव की सुविधा उपलब्ध होने से स्थानीय स्तर पर सुरक्षित प्रसव को बढ़ावा मिलेगा.
सीएमएचओ डॉ. माधव प्रसाद हसानी ने पहली डिलीवरी कराने वाली टीम को बधाई देते हुए कहा कि यह केवल स्वास्थ्य सेवा की उपलब्धि नहीं, बल्कि शासकीय स्वास्थ्य संस्थाओं के प्रति लोगों के भरोसे की भी जीत है. उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में प्रसव जैसी महत्वपूर्ण सुविधा उपलब्ध कराने का उद्देश्य महिलाओं को उनके नजदीक ही सुरक्षित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है.
