
इंदौर: रेल यात्रियों की सुरक्षा और अपराधों की रोकथाम में जीआरपी का सहयोग करने वाले रेल रक्षा समिति के 60 सदस्यों को एक दिवसीय प्रशिक्षण दिया. पुलिस अधीक्षक रेल कार्यालय में आयोजित प्रशिक्षण में महू, फतेहाबाद, मक्सी और देवास क्षेत्र के सदस्यों ने हिस्सा लिया. प्रशिक्षण में समिति के सदस्यों को उनकी जिम्मेदारियों और ड्यूटी के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी दी गई.
प्रशिक्षण के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रेल हेमंत चौहान ने समिति के नियम, सदस्यों के कर्तव्य, विभिन्न प्रक्रियाओं और जीआरपी हेल्प एप के उपयोग के बारे में बताया. इसके साथ ही ड्यूटी के दौरान किए जाने वाले और नहीं किए जाने वाले कार्यों की भी जानकारी दी गई. पुलिस अधीक्षक रेल यशपाल सिंह राजपूत ने सदस्यों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि वे जीआरपी के साथ मिलकर यात्रियों की सहायता, अपराधों की रोकथाम और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग कर रहे हैं.
उन्होंने आगामी सिंहस्थ-2028 के दौरान रेल सुरक्षा और यात्री सुविधाओं में समिति के सदस्यों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया. कार्यक्रम के समापन पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले सदस्यों को प्रशंसा पत्र दिए. सभी सदस्यों को ड्रेस कोड के लिए टी-शर्ट और परिचय पत्र भी वितरित किए. उप पुलिस अधीक्षक रेल ज्योति शर्मा ने आभार व्यक्त किया.
