इंदौर: शहर में सुगम, सुरक्षित और अनुशासित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए यातायात पुलिस द्वारा चलाए जा रहे जनजागरूकता अभियान में अब आमजन भी भागीदार बन रहे हैं. जिसके तहत रविवार को बड़ा गणपति चौराहे पर ऑटो चालकों ने ट्रैफिक मित्र बनकर यातायात प्रबंधन में सहयोग दिया.यह अभियान पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त मनोज कुमार श्रीवास्तव के मार्गदर्शन और डीसीपी ट्रैफिक अरविंद तिवारी के नेतृत्व में चल रहा है.
चौराहे पर यातायात एसीपी रेखा सिंह परिहार की मौजूदगी में ऑटो चालकों को नियमों का प्रशिक्षण दिया. इसके बाद ऑटो चालकों ने खुद सड़क पर उतरकर लोगों को हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, स्टॉप लाइन का पालन करने और मोबाइल का उपयोग न करने जैसे नियमों की समझाइश दी. सिर्फ जागरूकता ही नहीं, ऑटो चालकों ने ट्रैफिक कंट्रोल में भी पुलिस की मदद की. इस भागीदारी से यह संदेश गया कि समाज का हर वर्ग यदि यातायात व्यवस्था में सहयोग करे तो शहर में सुरक्षित और अनुशासित यातायात व्यवस्था बन सकती है
