मुंबई, 06 अगस्त (वार्ता) यश राज फिल्म्स (वाईआरएफ) की टैलेंट मैनेजमेंट इकाई वाईआरएफ टैलेंट ने ज़ेना कोटवाल को प्रबंधन एवं रणनीति प्रमुख नियुक्त किया है।वाईआरएफ ने गुरुवार को इसकी घोषणा करते हुए बताया कि ज़ेना को टैलेंट मैनेजमेंट क्षेत्र में 18 वर्षों से अधिक का अनुभव है। उन्होंने एक दशक से अधिक समय देश की अग्रणी टैलेंट मैनेजमेंट कंपनी मैट्रिक्स में बिताया, जहां उन्होंने विक्की कौशल, करण जौहर, फरहान अख्तर और तृप्ति डिमरी सहित कई प्रमुख कलाकारों के साथ काम किया। उन्होंने अपने करियर के दौरान अनेक कलाकारों के करियर को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
यश राज फिल्म्स के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) अक्षय विधानी ने कहा कि वाईआरएफ टैलेंट का उद्देश्य ऐसी एजेंसी बनना है, जो कलाकारों को दीर्घकालिक दृष्टि, मजबूत साझेदारियों और सुनियोजित करियर रणनीति के साथ आगे बढ़ाए। उन्होंने कहा कि ज़ेना का अनुभव, रणनीतिक सोच और कलाकारों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता कंपनी के नेतृत्व को और सशक्त बनाएगी तथा वाईआरएफ टैलेंट के विकास में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। वाईआरएफ टैलेंट के साथ वर्तमान में रानी मुखर्जी, आयुष्मान खुराना, सोनम कपूर, अहान पांडे, अनीत पड्डा, शर्वरी, वाणी कपूर और श्रेया चौधरी जैसे कलाकार जुड़े हुए हैं।

