
गुना/राघौगढ़। राघौगढ़ नगर पालिका क्षेत्र में इन दिनों अज्ञात चोरों का गिरोह सक्रिय नजर आ रहा है। 5 अगस्त की मध्यरात्रि करीब 3 बजकर 17 मिनट पर चोरों ने वार्ड क्रमांक 04 नरसिंह मंदिर के पास और वार्ड क्रमांक 02 में कटरा मोहल्ला, हनुमान मंदिर छतरी के पास नगर पालिका द्वारा लगाए गए नल सप्लाई के वॉटर मीटर चोरी कर लिए। यह घटना सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।
स्थानीय रहवासियों के अनुसार, इस तरह की वारदात पहली बार नहीं हुई है। इससे पहले भी वार्ड क्रमांक 01 में इसी तरीके से नल मीटर उखाड़े जाने की घटना को अंजाम दिया जा चुका है। लगातार हो रही इन चोरी की घटनाओं से नगर पालिका की संपत्ति को नुकसान तो पहुंच ही रहा है, साथ ही पेयजल आपूर्ति भी बाधित हो रही है।
वारदात से आक्रोशित एवं चिंतित नगरवासियों ने पुलिस प्रशासन व संबंधित अधिकारियों से तुरंत सख्त कदम उठाने का आग्रह किया है। रहवासियों का कहना है कि यदि समय रहते इन चोरों के खिलाफ ठोस और कड़ी कार्रवाई नहीं की गई, तो असामाजिक तत्वों के हौसले और अधिक बुलंद हो जाएंगे, जिससे क्षेत्र में किसी अन्य बड़ी वारदात की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।
स्थानीय लोगों ने आदरणीय पुलिस अधीक्षक एवं नगर पालिका प्रशासन से विनम्र आग्रह किया है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य माध्यमों से घटना की त्वरित जांच कराई जाए। साथ ही चोरी में लिप्त आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई का प्रावधान किया जाए, ताकि शहर में लगातार बढ़ रही ऐसी घटनाओं पर रोक लग सके।
