
बीना। भानगढ़ पुलिस ने 4 फरवरी से लापता एक नाबालिग लड़की को भोपाल से सुरक्षित बरामद कर लिया है। पुलिस ने इस मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जिसे कोर्ट के आदेश पर जेल भेज दिया गया है।मजदूरी के दौरान हुई थी जान-पहचान पुलिस जांच में सामने आया है कि 17 वर्षीय नाबालिग अपने माता-पिता के साथ मजदूरी करने जाती थी। वहीं पर आरोपी राम भारत धानक भी मजदूरी का काम करता था। काम के दौरान ही दोनों के बीच जान-पहचान हुई और वे फोन पर बातचीत करने लगे। आरोपी ने नाबालिग को अपने झांसे में लिया और उसे बहला-फुसलाकर 4 फरवरी को भोपाल भगा ले गया।परिजनों ने दर्ज कराई थी शिकायत नाबालिग के अचानक गायब होने से परेशान परिजनों ने 11 फरवरी को भानगढ़ थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा बेटी को बहला-फसलाकर ले जाने का शक जताया था। रिपोर्ट दर्ज होते ही थाना प्रभारी एसआई हरि सिंह तोमर ने एक टीम गठित की और मोबाइल लोकेशन व मुखबिरों की मदद से जांच शुरू की।लोकेशन ट्रेस कर भोपाल पहुंची पुलिस को सूचना मिली कि नाबालिग भोपाल में है। इसके बाद एक टीम तुरंत भोपाल रवाना की गई और 12 फरवरी को नाबालिग को वहां से दस्तयाब (बरामद) कर लिया गया। मौके से आरोपी राम भारत धानक को भी गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने नाबालिग को वापस लाकर परिजनों को सौंप दिया है और आरोपी को कानूनी कार्रवाई के बाद जेल भेज दिया है।
