भारत और जापान के संबंध नए आयामों पर

भारत और जापान के संबंध अब नए आयामों पर दिख रहे हैं.यह केवल आर्थिक सहयोग तक सीमित नहीं रहे हैं, बल्कि वे एक व्यापक रणनीतिक साझेदारी का रूप ले चुके हैं. नई दिल्ली में आयोजित भारत-जापान वार्षिक शिखर वार्ता ने स्पष्ट संकेत दिया है कि दोनों देश आने वाले वर्षों में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), रक्षा, ऊर्जा, सेमीकंडक्टर, हरित प्रौद्योगिकी और महत्वपूर्ण आपूर्ति शृंखलाओं जैसे क्षेत्रों में मिलकर काम करेंगे. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा विश्वास को दोनों देशों की सबसे बड़ी रणनीतिक पूंजी बताना इस रिश्ते की गहराई को दर्शाता है.

आज वैश्विक व्यवस्था तेजी से बदल रही है. इंडो-पैसिफिक क्षेत्र विश्व राजनीति और अर्थव्यवस्था का केंद्र बन चुका है. चीन के बढ़ते प्रभाव, आपूर्ति शृंखलाओं में अस्थिरता और नई तकनीकों की होड़ के बीच भारत और जापान का साथ केवल द्विपक्षीय हितों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह पूरे एशिया में स्थिरता, संतुलन और विकास का आधार बन सकता है. दोनों लोकतांत्रिक देशों की समान सोच और नियम-आधारित वैश्विक व्यवस्था के प्रति प्रतिबद्धता इस साझेदारी को और अधिक मजबूत बनाती है.

भारत में एक हजार बायोगैस संयंत्र स्थापित करने की जापानी पहल ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई ऊर्जा देने वाली साबित हो सकती है. इससे स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा मिलेगा, किसानों की आय बढ़ाने के अवसर बनेंगे और ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के नए द्वार खुलेंगे. इसी प्रकार सेमीकंडक्टर, बैटरी निर्माण, इलेक्ट्रिक वाहन और हरित ऊर्जा के क्षेत्रों में जापानी निवेश भारत की विनिर्माण क्षमता को नई ऊंचाई देगा. ‘मेक इन इंडिया’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ जैसे अभियानों को भी इससे महत्वपूर्ण बल मिलेगा.

रक्षा क्षेत्र में सहयोग का विस्तार भी अत्यंत महत्वपूर्ण है. बदलती वैश्विक सुरक्षा परिस्थितियों में दोनों देशों के बीच रक्षा उपकरणों, संयुक्त अभ्यासों और समुद्री सुरक्षा पर सहयोग हिंद महासागर तथा इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में संतुलन बनाए रखने में सहायक होगा. भारत और जापान का साझा दृष्टिकोण केवल सैन्य सहयोग तक सीमित नहीं है, बल्कि मानवीय सहायता, आपदा प्रबंधन और समुद्री व्यापार की सुरक्षा जैसे क्षेत्रों में भी दिखाई देता है.

हालांकि इस साझेदारी की सफलता केवल समझौतों पर निर्भर नहीं करेगी. आवश्यक है कि घोषित परियोजनाएं समयबद्ध तरीके से धरातल पर उतरें. जापानी निवेशकों के लिए भारत में सरल और पारदर्शी कारोबारी वातावरण, तेज निर्णय प्रक्रिया और मजबूत आधारभूत संरचना उपलब्ध कराना भी उतना ही आवश्यक है. दूसरी ओर भारतीय उद्योगों को भी जापान की गुणवत्ता, अनुशासन और नवाचार की कार्य संस्कृति से सीख लेकर वैश्विक प्रतिस्पर्धा के अनुरूप स्वयं को तैयार करना होगा.

भारत और जापान का रिश्ता केवल व्यापार या निवेश का संबंध नहीं है, बल्कि यह साझा मूल्यों, पारस्परिक विश्वास और दीर्घकालिक रणनीतिक दृष्टि पर आधारित है. यदि दोनों देश इसी गति से सहयोग को आगे बढ़ाते हैं तो यह साझेदारी न केवल दोनों अर्थव्यवस्थाओं को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगी, बल्कि एशिया में शांति, स्थिरता और समृद्धि की नई इबारत भी लिखेगी. बदलते वैश्विक परिदृश्य में भारत-जापान संबंध वास्तव में इक्कीसवीं सदी के सबसे महत्वपूर्ण रणनीतिक समीकरणों में से एक बनते दिखाई दे रहे हैं.

 

Next Post

कुएं में गिरे बैल को बचाने उतरे तीन ग्रामीणों की जहरीली गैस से मौत, एक गंभीर

Sat Jul 4 , 2026
अमरपाटन : जिले के थाना क्षेत्र के ग्राम खरमसेड़ा में आज एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है. जहां एक गहरे कुएं में गिरे बैल को सुरक्षित बाहर निकालने के प्रयास में उतरे तीन ग्रामीणों की जहरीली गैस के कारण दम घुटने से दर्दनाक मौत हो गई. वहीं, […]

You May Like